गोविंद पटेल , कुशीनगर। जनपद में शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंग्रेजी और देशी शराब के ठेकों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने का खेल दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी द्वारा कार्रवाई के आदेश दिए जाने के बावजूद कई ठेकों पर खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे खरीदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

आदेश के बाद कोई खास बदलाव नहीं

जानकारी के अनुसार, बीते दिन अंग्रेजी शराब की बोतलों पर ओवर रेटिंग की शिकायत सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ) को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। लेकिन आदेश के बाद भी हालात में कोई खास बदलाव नहीं दिख रहा है। बताया जा रहा है कि तमकुही और खड्डा सर्किल क्षेत्र के कई अनुज्ञापी (लाइसेंसधारी) डीएम के आदेश को नजरअंदाज करते हुए मनमाने दामों पर शराब बेच रहे हैं।

READ MORE: रफ्तार ने छीन ली जिंदगी, ट्रक और कार की टक्कर, जीजा और साले की मौत

कई ठेकों पर मनमानी की चर्चा

आरोप है कि संबंधित आबकारी निरीक्षक भी इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे ओवर रेटिंग का खेल लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब खरीदने वालों से तय कीमत से अधिक पैसे लिए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खड्डा सर्किल के दरगौली बेलवानी स्थित देशी शराब की दुकान और खड्डा कस्बे के अंग्रेजी शराब के ठेके पर ओवर रेटिंग की शिकायत सामने आई है। वहीं तमकुही सर्किल क्षेत्र के गुरवालिया स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान सहित कई ठेकों पर भी इसी तरह की मनमानी की चर्चा है।

READ MORE: धधकती होलिका में कूदे पंडा, फालैन में आस्था का अद्भुत नजारा, विदेशी देखकर हैरान

संचालकों के हौसले बुलंद

लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन सख्त कार्रवाई करे तो इस पर रोक लग सकती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी से ठेका संचालकों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद आबकारी विभाग कब तक ठोस कदम उठाता है और उपभोक्ताओं को राहत मिलती है या नहीं।इस सम्बन्ध में जिला आबकारी अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल नम्बर रिसिव नहीं हो रहा एक जिम्मेदार अधिकारी का मोबाइल नंबर रिसिव न होना यह दर्शाता है की कैसे इनकी कार्यशैली है।