लखनऊ. यूपी कैबिनेट ने नई आबकारी नीति (UP Excise Policy 2026-27) को हरी झंडी दिखा दी है. 1 अप्रैल से प्रदेश में शराब के दाम बढ़ जाएंगे. इतना ही नहीं सरकार ने देशी शराब का कोटा घटाने का भी निर्णय लिया है. नई नीति के मुताबिक 36 प्रतिशत अल्कोहल वाली देशी शराब की कीमत बढ़ेगी. ये शराब अब 5 रुपये महंगी होगी. देशी शराब 165 से बढ़कर 173 रुपये की हो सकती है.

इसके अलावा अन्य किस्म की शराब के दामों में फिलहाल कोई संशोधन नहीं किया गया है. शराब के दाम के साथ ही शराब का कोटा भी कम किया जाएगा. नई नीति (UP Excise Policy 2026-27) के मुताबकि शहरी क्षेत्र में दुकानों का देशी शराब का कोटा भी घटाया जाएगा. शहरों में देशी शराब की खपत कम होने के चलते ये निर्णय लिया गया है. जबकि ग्रामीण इलाकों की दुकानों का कोटा बढ़ाए जाने का भी फैसला लिया गया है. इतना ही नहीं अब फुटकर दुकानों का आवंटन ई-लॉटरी के जरिए होगा.

इसे भी पढ़ें : चंदौली में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तेज, 18 फरवरी से शुरू होगी परीक्षाएं, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को दिए सख्त निर्देश

बता दें कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने नई आबकारी नीति में 71,278 करोड़ रुपये की कमाई का लक्ष्य निर्धारित किया है. जबकि पिछली नीति में सरकार ने 63 हजार करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र करने का लक्ष्य रखा था. कैबिनेट में नई आबकारी नीति के अलावा कई अन्य प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है. आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की आबकारी नीति में लॉटरी से शराब की दुकानों के आवंटन की व्यवस्था लागू की थी.

भांग दुकानों की लाइसेंस फीस में भी बढ़ोतरी

जानकारी के मुताबिक देशी शराब के दामों में इजाफा होने से करीब 1500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा. नई पॉलिसी के तहत कंपोजिट दुकानों, मॉडल शॉप, प्रीमियम मॉडल शॉप, देशी मदिरा और भांग की फुटकर दुकानों का व्यवस्थापन नवीनीकरण के जरिए होगा. वहीं समय की बात करें तो फुटकर दुकानें सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे खोलने का नियम यथावत रखा गया है. इधर भांग दुकानों की लाइसेंस फीस में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है.