कुंदन कुमार, पटना। लोजपा रामविलास के नेता और कार्यकर्ताओं ने आज रविवार को पटना के कारगिल चौक पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का पुतला भी जलाया। लोजपा (आर) के नेताओं का आरोप है कि बिहार विधान सभा में राजद के विधायक ने स्वर्गीय रामविलास पासवान जी का अपमान किया है। इसी के विरोध में आज हम लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस मौके पर मौजूद पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती ने कहा कि, जब तक सदन के अंदर तेजस्वी यादव माफी नहीं मांगेगे, तब तक हमलोगों का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार विधान सभा में राजद के विधायक ने हमारे नेता (रामविलास पसावान) को लेकर जो बयान दिया है, वो गलत है। राजद के लोग लगातार दलितों का गरीबों का अपमान करते हैं और इसको लेकर उन्हें सदन में माफी मांगनी होगी, नहीं तो हम लोग पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन करेंगे।

दरअसल विधानसभा सत्र के दौरान राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने एजलेपी (आर) के प्रमुख रहे दिवंगत नेता रामविलास पासवान के लिए ’बेचारा’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर पार्टी के नेता आपत्ति जता रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि रामविलास पासवान ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया और उन्हें इस तरह के अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना उचित नहीं है, जिसे लेकर वह प्रदर्शन कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- जहानाबाद: महाशिवरात्रि पर बड़ा हादसा, देवघर पूजा करने जा रहा परिवार हुआ हादसे का शिकार, ससुर और बहू की मौत, 4 लोग गंभीर रूप से घायल