इंद्रपाल सिंह, इटारसी। मध्य प्रदेश में घूसखोर अफसरों पर तगड़ा एक्शन चल रहा है। इस बीच इटारसी में लोकायुक्त ने आजीविका मिशन कार्यालय में छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान सहायक विकासखंड प्रबंधक को 20 हजार की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं क्लस्टर मैनेजर समेत चपरासी को भी धर दबोचा है। 

पशु सखी ने की थी शिकायत

फरियादी सुनैया बरकड़े ने बताया कि वह पशु सखी के रूप में कार्यालय में कार्यरत हैं। फरवरी 2026 में उन्हें उनके काम के बदले 29 हजार 700 रुपए मानदेय मिला था। लेकिन सहायक विकासखंड प्रबंधक धमेंद्र गुप्ता ने उनसे कहा ‘तुमने कम काम किया है, इसलिए तुम्हें चार हजार रुपए दिए जा रहे हैं। बचे हुए 25 हजार रुपए तुम मुझे दो।’

पैसों की मांग से परेशान हुई पीड़िता

लगातार पैसों की मांग करने से पशु सखी परेशान हो गई और उसने सहायक विकासखंड प्रबंधक के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत की और आज टीम ने उन्हें रिश्वत देने के लिए 20 हजार रुपए दिए थे। जैसे ही फरियादी ने इटारसी के केसला ब्लॉक जनपद कार्यालय स्थित आजीविका मिशन कार्यालय में घूस दी, लोकायुक्त की टीम ने धमेंद्र गुप्ता को पैसों के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।

क्लस्टर फेडरेशन मैनेजर समेत चपरासी भी गिरफ्तार

लोकायुक्त ने इस मामले में आरोपी धर्मेन्द्र गुप्ता के साथ क्लस्टर फेडरेशन मैनेजर कामिनी राजपूत और चपरासी कृष्णा धुव्रे को भी गिरफ्तार किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m