नीलेश भानपुरिया, झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ में लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने आयुष कार्यालय की महिला कर्मचारी के पति को रिश्वत के पैसे लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी ने उसे घूस की रकम लेने के लिए भेजा था, जहां से टीम ने उसे दबोचा है। 

यह रिश्वत एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के पेंशन और अन्य लाभों के भुगतान के एवज में मांगी गई। दरअसल, शिकायतकर्ता 63 वर्षीय कमल सिंह ठाकुर शासकीय आयुर्वेद औषधालय पेटलावद से 28 फरवरी 2026 को कम्पाउण्डर के पद से रिटायर हुए थे। उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी, छुट्टी और समयमान वेतनमान का लाभ मिलना था। 

जिला आयुष कार्यालय झाबुआ में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 रत्नाप्रेम पंवार ने इस मामले के बिल तैयार करने और कोषालय से राशि निकलवाने के एवज में उनसे 12 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत इंदौर लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से कर दी। जिसके बाद लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन करने के लिए एक ट्रैप दल का गठन किया। 

शिकायत सही पाई जाने पर DG लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन पर डीआईजी मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। आरोपी महिला कर्मचारी ने रिश्वत के पैसे लेने के लिए अपने पति नरेन्द्र पंवार को राजगढ़ चौराहा पर भेज दिया था। योजना के अनुसार, पीड़ित ने जैसे ही उसे 10 हजार रुपए रिश्वत के रूप में दिए, टीम ने घेराबंदी कर उसे कैश लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। 

लोकायुक्त ने आरोपी रत्नाप्रेम पंवार और उनके पति नरेन्द्र पंवार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m