सुशील सलाम, कांकेर। कांकेर जिले के दुधावा चौकी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बुढ़ा तालाब में मिली युवती की लाश की गुत्थी महज़ 48 घंटे में सुलझाते हुए पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


यह मामला 01 फरवरी का है, जब दुधावा चौकी अंतर्गत ग्राम बांगाबारी स्थित बुढ़ा तालाब में एक अज्ञात युवती का शव साड़ी में लिपटा हुआ मिला था। तालाब में शव मिलने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
शव की पहचान सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए नेहा वट्टी (18 वर्ष) निवासी ग्राम बासनवाही के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने मृतिका के परिजनों से पूछताछ कर जांच का दायरा और तेज कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि मृतिका और आरोपी बिरेंद्र ध्रुव के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी पहले से शादीशुदा था और मृतिका उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से परेशान होकर आरोपी बिरेंद्र ध्रुव ने अपने दोस्त भागवत ध्रुव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। घटना वाली रात दोनों आरोपी युवती को भगाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल से बुढ़ा तालाब ले गए और पचरी के पास तालाब के पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से मृतिका का मोबाइल फोन, चप्पल और दस्तावेज तालाब में फेंक दिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। वहीं गोताखोरों की मदद से तालाब से मृतिका का सामान भी बरामद किया गया है।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


