धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। Niwari Crime: एमपी के निवाड़ी के सेंदरी गांव में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पहले युवक ने युवती की धारदार हथियार से हत्या कर दी। उसके बाद खुद ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवती घर से एक दिन से गायब थी और परिजनों ने थाने पर गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। तफ्तीश के दौरान आज युवती और युवक का शव सेंदरी थाना क्षेत्र के यूपी-एमपी बॉर्डर पर मिला।

एमपी-यूपी बार्डर में दो जिंदगियां खत्म

निवाड़ी के सेंदरी में जो हुआ, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पूरा मामला सेंदरी गांव के पूछा की पहाड़ी ठिमरपुरा एमपी-यूपी बार्डर का है, जहां दो जिंदगियां खत्म हो गईं। मृतक की पहचान हरेंद्र केवट उम्र लगभग 24 वर्ष के रूप में हुई है, जो टहरौली यूपी के सिरोनी गांव का निवासी था। वहीं मृतिका का नाम वर्षा केवट उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है, जो सिंदूर सागर क्षेत्र की रहने वाली थी।

प्रेम प्रसंग की संभावना

प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों के बीच संभवतः प्रेम संबंध था। लेकिन किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया। हालांकि पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक का शव जहां से मिला और युवती का शव जहां से मिला दोनों में फासला 100 मीटर का रहा। 

युवती की होने वाली थी शादी

बताया जा रहा है कि लड़की शनिवार सुबह से घर से गायब थी, जिसकी गुमशुदगी लड़की के परिजनों ने थाने में दर्ज करवाई थी। लड़की की जल्द शादी होने वाली थी। पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि मौत का खुलासा हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद एफएसएल की टीम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

दोनों के कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। निवाड़ी पुलिस अधीक्षक डॉक्टर राय सिंह नरवरिया ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है, ताकि इस घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। दोनों युवक युवती के कॉल रिकॉर्ड चेक किये जा रहे है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m