अजय सैनी, भिवानी: भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। करीब एक महीने के भीतर आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका देते हुए सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दामों में 29 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी है। सरकार के इस फैसले पर कड़ा रोष जताते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश तंवर जीएम ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने इसे आम आदमी की जेब पर सीधी डकैती करार दिया है।
गरीब और मध्यम वर्ग फिर चूल्हा फूंकने को मजबूर
नरेश तंवर ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो सरकार उज्ज्वला योजना का ढोल पीटकर घर-घर सिलिंडर पहुंचाने और माताओं-बहनों को धुएं से निजात दिलाने का बड़ा-बड़ा दावा करती थी, आज उसी की गलत नीतियों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग एक बार फिर मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उज्ज्वला योजना को लेकर किया गया दावा पूरी तरह से खोखला और एक बड़ा छलावा साबित हुआ है।
खाली सिलिंडर घरों में बने शो-पीस
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार ने पहले तो मुफ्त या सस्ते गैस सिलिंडर का लालच देकर लोगों की चूल्हा फूंकने की पुरानी आदत छुड़वा दी। अब बार-बार दाम बढ़ाकर गैस सिलिंडर को आम आदमी की पहुंच से कोसों दूर कर दिया गया है। 29 रुपये की यह नई बढ़ोतरी करीब एक महीने के भीतर आम जनता पर किया गया सबसे क्रूर प्रहार है। आज हालात यह हैं कि आसमान छूती महंगाई के कारण गरीब परिवार दोबारा सिलिंडर रीफिल कराने की स्थिति में बिल्कुल नहीं हैं। गरीब और मध्यम वर्ग के घरों में खाली सिलिंडर अब महज एक शो-पीस बनकर रह गए हैं।
कांग्रेस सड़क से संसद तक करेगी आंदोलन
नरेश तंवर ने आगे कहा कि भाजपा सरकार जनता को आधुनिकता का सपना दिखाकर वापस उसी पुराने धुएं और चूल्हे के दौर में धकेल रही है, जिससे निजात दिलाने का यह अक्सर ढोंग रचते थे। यह बढ़ोतरी केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों रसोईघरों का बजट पूरी तरह बिगाड़ने वाली मार है। एक तरफ बेरोजगारी और आर्थिक मंदी से लोग पहले ही परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार हर महीने जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर आम जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस बढ़ी हुई कीमत को तुरंत वापस ले, अन्यथा कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक जनता की आवाज उठाएगी और इस गुस्से को एक बड़े जन-आंदोलन में बदला जाएगा।

