लखनऊ. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा 1076 में कार्य कर रहे कर्मचारियों ने कम मानदेय दिए जाने का आरोप लगाया है. अपनी नाराजगी को लेकर वे CM दफ्तर की ओर कूच कर रहे थे. इसी बीच पुलिस ने कई महिला कर्मियों को डिटेन किया. प्रदर्शन सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुआ, जब सुबह की शिफ्ट के कर्मचारी एकजुट होकर लोहिया पथ के रास्ते मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर बढ़ने लगे.

शुरुआत में पुलिस उन्हें रोकने में असफल रही. प्रदर्शनकारियों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती गई और वे संगठित तरीके से नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे. कर्मचारियों ने ‘शोषण बंद करो’ जैसे नारे भी लगाए.

इसे भी पढ़ें : राजधानी के BKT स्थित मस्जिद पर चला बुलडोजर, ग्राम पंचायत की जमीन पर किया था अवैध निर्माण, कोर्ट के आदेश के बाद रातों रात हुई कार्रवाई

एक युवती ने रोते हुए बताया कि सीएम हेल्पलाइन में काम करने के दौरान उनका शोषण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कार्यालय में प्रवेश करने से पहले उनका मोबाइल फोन जमा करा लिया जाता है, जिससे वे बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट जाते हैं. यह भी आरोप लगाया कि उन्हें हर महीने 15,000 रुपये मानदेय देने का वादा किया गया था, लेकिन वास्तव में केवल 7,000 रुपये ही दिए जा रहे हैं. इसके अलावा, दो महीने की सैलरी भी रोके जाने की बात सामने आई है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है.