IPL 2026 के 5वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सीजन के पहले ही मैच में मिली इस हार के बाद टीम कैंप में हल्का तनाव नजर आया, जिसका सबसे बड़ा संकेत मैच खत्म होने के बाद मैदान पर हुई बातचीत से मिला।
मैच के बाद LSG के मालिक संजीव गोयनका, कप्तान ऋषभ पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर के बीच मैदान पर हुई गंभीर चर्चा ने सबका ध्यान खींच लिया। जहां एक ओर बाकी खिलाड़ी दिल्ली के खिलाड़ियों से बातचीत करते दिखे, वहीं गोयनका को पंत और लैंगर के साथ गहन बातचीत करते देखा गया। इस दौरान वह कुछ समझाते नजर आए, जबकि पंत भी अपनी बात रखते दिखाई दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना फैंस को उस पुराने विवाद की याद भी दिला गई, जब LSG के पूर्व कप्तान केएल राहुल को एक मैच में हार के बाद संजीव गोयनका ने मैदान पर ही फटकार लगाई थी। उस समय भी वीडियो ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, फैंस का ये भी कहना है कि संजीव गोयनका यहां रिलैक्स्ड नजर आ रहे हैं और दोनों के बीच आम बातचीत हो रही है।

119 रन की साझेदारी ने बदला मैच का रुख
मुकाबले की बात करें तो लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के सामने 142 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम शुरुआती झटकों से जूझती नजर आई।
हालांकि इसके बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों के बीच 119 रन की मैच जिताऊ साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया।
रिजवी ने 47 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 32 गेंदों में 39 रन की अहम पारी खेली। दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
सवालों के घेरे में LSG
पहले ही मैच में हार और उसके बाद मैदान पर हुई चर्चा ने LSG की रणनीति और टीम संतुलन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम अगले मुकाबलों में किस तरह वापसी करती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

