Join Whatsapp Group

यहाँ क्लिक करें

मोहम्मद करीमुल्लाह/ मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राजनगर थाना क्षेत्र के राघोपुर बलाट पंचायत में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोलियों से भून दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय जयराम के रूप में हुई है, जो एक साइबर कैफे में काम करता था। जानकारी के अनुसार, जयराम अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
​रणक्षेत्र बना रामपट्टी चौक हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रामपट्टी चौक पर रखकर नेशनल हाईवे (NH) जाम कर दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे और अपनी जान बचाने के लिए उन्हें रामपट्टी हाई स्कूल परिसर में शरण लेनी पड़ी। उग्र भीड़ ने डीएसपी सहित दर्जनों पुलिसकर्मियों को घंटों स्कूल के भीतर बंधक बनाए रखा।
​पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन बिगड़ते हालात को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खुद एसपी योगेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। एसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के जरिए कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।