शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल गर्मी ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। मार्च महीने की शुरुआत में ही कई जिलों में तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से 4-6 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, हवा की दिशा में बदलाव के कारण प्रदेश में जल्दी गर्मी बढ़ी है और आने वाले दिनों में यह और तेज होगी।

सबसे गर्म जिले और शहर 

  • धार जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
  • सागर में 38.9°C, रतलाम में 38.8°C, नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में 38.8°C।
  • खजुराहो (छतरपुर) में 38.3°C, गुना में 38.1°C, दमोह और टीकमगढ़ में 38°C तक पारा पहुंचा।

बड़े शहरों का हाल 

  • ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 37.2 डिग्री दर्ज हुआ।
  • उज्जैन में 37°C, इंदौर में 36.8°C, जबलपुर में 36.6°C और भोपाल में 36.2 डिग्री सेल्सियस।

ग्वालियर-चंबल संभाग में तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ज्यादा रहा, जबकि अन्य संभागों में भी 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह दक्षिणी-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से गर्मी तेज हुई है। मार्च में अचानक गर्मी बढ़ने से सर्दी-जुकाम, एलर्जी, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। IMD के अनुसार, 15 मार्च के बाद गर्मी का असर और बढ़ेगा। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के करीब या पार जा सकता है। अगले कुछ दिनों में कोई बड़ा मौसमी सिस्टम नहीं दिख रहा, इसलिए गर्मी जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m