कर्ण मिश्रा/कमल वर्मा, ग्वालियर। ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 के बाहर अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर दबिश दी गई। IPS ASP अनु बेनीवाल के नेतृत्व में सीएसपी रॉबिन जैन और पड़ाव थाने की पुलिस ने होटल और लॉज की तलाशी ली। इस दौरान कोई अनैतिक गतिविधि तो नहीं मिली हैं। लेकिन एक होटल में आपत्तिजनक वस्तुएं जरूर मिली है। होटल लॉज की तलाशी के बाद पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर 4 के बाहर रेलवे की खाली जमीन पर भी तलाशी अभियान चलाया।

सीएसपी रॉबिन जैन के मुताबिक, लगातार मिल रही असामाजिक गतिविधियों की सूचनाओं पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया है। इस दौरान कोई अनैतिक गतिविधि तो नहीं मिली है। लेकिन एक होटल के कमरों से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं जरूर मिली है। जिसे लेकिन पुलिस होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही हैं। वहीं पुलिस का कहना कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

होटल में तलाशी अभियान

स्वास्थ्य उपसंचालक ने जॉइंट डायरेक्टर की शिकायत

ग्वालियर में उपसंचालक स्वास्थ्य ने जॉइंट डायरेक्टर स्वास्थ्य ग्वालियर संभाग के खिलाफ कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत की है। उन्होंने एनपीए ना मिलने, नियम विरुद्ध आवास आवंटित करने सहित मानसिक और आर्थिक रूप से काफी परेशान करने का गंभीर आरोप जॉइंट डायरेक्टर पर लगाया है। ADM ने उपसंचालक को ऑफिस समय में बुलाया है ताकि सारे परेशानी को समझा जा सके।

दरअसल, सिटी सेंटर में जॉइंट डायरेक्टर हेल्थ का संभागीय दफ्तर संचालित होता है। जहां काम करने वाले उप संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ सुनील सिंह यादव ने जॉइंट डायरेक्टर हेल्थ डॉ नीलम सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाए है। ग्वालियर कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत करते हुए बताया कि 28 मई 2025 को शासन के आदेश पर उपसंचालक के पद पर ज्वाइन किया था, लेकिन उपसंचालक के बजाय अकाउंट ऑफिसर के पद से वेतन दिया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें अभी तक एनपीए का लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्रीय स्वास्थ्य संचालक ऑफिस में चार पोस्ट उपसंचालक की है,जिस पर उनके सहित चार उपसंचालक पदस्थ भी है। बावजूद इसके उन्हें उपसंचालक के पद से वेतन नहीं दिया जा रहा है।

इसके अलावा आवास आवंटन में भी आवश्यकता होने के बावजूद JD हेल्थ ने उन्हें शासकीय आवास नही दिया। वह दूसरे को अलॉट कर दिया, जो कि नियम विरुद्ध और निजी लाभ के लिए आवंटित किया गया। उपसंचालक डॉ सुनील यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि जब भी वह नियम के तहत मिलने वाले इन लाभ को लेकर जॉइंट डायरेक्टर से मिलने जाते है तो वह चिल्लाने लगती है। साथ ही CR खराब कर देने की भी धमकी देती है,जिसके कारण उन्हें मानसिक-आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उपसंचालक की परेशानी को सुनने के बाद ADM सीबी प्रसाद ने उन्हें ऑफिस में बुलाया है। ADM का कहना है कि जनसुनवाई आम लोगों के लिए होती है। सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों का शिकायत करने का एक माध्यम होता है। ऐसे में उनकी परेशानी को समझने के बाद आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता डॉ सुनील सिंह यादव

क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर फैक्ट्री संचालक से ठगी

ग्वालियर के पिंटो पार्क में फैक्ट्री को संचालित करने वाले दुर्गाशंकर नागर मुरार एन्क्लेव रेजीडेंसी गोला का मंदिर में रहने वाले को ई-मेल के जरिए क्रिप्टोकरेंसी में इन्वेस्टमेंट का झांसा दिया गया था। गोल्ड DGM कॉइन फिक्स डॉट कॉम कंपनी में रुपए इन्वेस्टमेंट कर मोटा मुनाफा का लालच दिया। दुर्गाशंकर नागर ठगो के झांसे में आ गए और रुपए इन्वेस्टमेंट करने लगे। आरोपियों ने दुर्गाशंकर नागर से दो महीने में 1 करोड़ 41 लाख 17 हजार रुपए तमाम बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए था। लेकिन प्रॉफिट का पैसा उनको नहीं मिला। जब दुर्गाशंकर नागर को कुछ शक हुआ तो उन्होंने अपने इन्वेस्टमेंट किए गए रुपए वापस मांगे। लेकिन ठग कुछ न कुछ बहाना बनाकर टाल देते। जिस पर ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत की थी।

साइबर क्राइम ने इस मामले की शिकायत होने पर जांच पड़ताल की तो जिन बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर हुए उनकी डिटेल और फोन नंबर पता किया। फिर मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और एक आरोपी जुबान खान निवासी जिला देवास और अकरम खान निवासी जिला बड़वानी के बारे में पता चला। पुलिस ने दोनों को देवास और बड़वानी से गिरफ्तार कर ग्वालियर ले आई। पकड़े गए आरोपी जुबान खान के खाते में 9 लाख 30 हजार रुपए और अकरम खान के खाते में 5 लाख रुपए पहुंचे थे। यह दोनों पहली लेयर के आरोपी हैं, जिन्होंने कुछ रुपए के लिए अपने खाते किराए पर अपराधियों को दिए थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर ठग गिरोह को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ठगी के आरोपी

अरविंद सिंह भादौरिया का बंगला मोह

मध्यप्रदेश सरकार ने सरकारी आवास और बंगलो पर बिना पात्रता के काबिज नेताजी और अफसरों को बेदखली के नोटिस बीते जनवरी महीने में जारी किये थे। इसके बावजूद अभी तक यह खाली नही हुए है। इसी कड़ी में ग्वालियर चंबल अंचल से आने वाले पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भादौरिया का भी नाम है, जो साल 2023 में विधानसभा चुनाव हार जाने के बावजूद अभी तक ग्वालियर के रेसकोर्स रोड स्थित 35 नंबर बंगले को अपने कब्जे में लिए है।

बीते साल बंगले में रखी एक चांदी की मूर्ति समेत अन्य कीमती सामान चोरी की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई गई थी। नियमों के तहत पात्रता खत्म होते ही 03 महीने में आवास या बंगला खाली करना होता है। इस दौरान सामान्य किराया वसूल किया जाता है। नियमों में यह भी प्रावधान है कि यदि 03 महीने का समय निकल जाने के बाद भी यदि कब्जेधारी की ओर से इसे खाली नहीं किया जाता है तो किराय की 10 गुना वहीं आगे 30 गुना तक कि वसूली की जा सकती है।

संदिग्ध हालात में महिला को लगी गोली

ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र स्थित खेरिया मोदी निवासी 51 वर्षीय रामायणी पाल को 15 मार्च की सुबह अपने घर की सफाई कर रही थीं। सफाई करने के दौरान उन्हें बाएं कंधे में जलन व तेज दर्द होने लगा और वहां ने खून भी बह रहा था। जिसके बाद महिला वहीं गिर पड़ी। जब महिला ने परिजन को बताया तो परिजन समझें कि सफाई करने के दौरान किसी सामान से चोट लग गई होगी। जिसकी बजह से चोट आई होगी लेकिन खून बहना बंद नहीं हुआ और दर्द बढ़ने लगा तो परिजन रामायणी देवी को निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। जहां कुछ दिन तक इलाज चलता रहा। लेकिन कोई भी आराम नही मिला और दर्द बढ़ता चला गया।

इसके बाद डॉक्टरों ने रामायणी देवी की एक्स-रे व सीटी स्केन कराया तो सीटी स्केन जांच में पता चला कि रामायणी को गोली लगी है। रामायणी देवी के गोली बाएं हाथ के ऊपरी हिस्से में लगी थी। धीरे-धीरे खिसककर उनके पेट में पहुंच गई। एक रोज पूर्व उनका ऑपरेशन हुआ है और गोली को बाहर निकला गया। गोली कहां से आकर लगी और किसने चलाई है यह पता नहीं चल सका है। ASP जय राज कुबेर का कहना है कि महिला को गोली उसके घर में सफाई करते समय लगी। घटना के 7 दिन बाद पुलिस को इसकी सूचना अस्पताल से मिली हैं। फिलहाल बिजौली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

सिटी स्कैन रिपोर्ट

गाड़ी हटाने को लेकर विवाद

ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि सोनू सोनी नाम शख्स के साथ एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने मारपीट की। सिपाही गिर्राज गुर्जर पर मारपीट का आरोप है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

गाड़ी हटाने को लेकर विवाद

25 मार्च से 3 अप्रैल तक लगेगा पुस्तक मेला

ग्वालियर जिले के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सस्ती रेट पर किताबें, यूनीफॉर्म और स्टेशनरी उपलब्ध कराने के लिये 25 मार्च से 03 अप्रैल तक पुस्तक मेला यानी बुक फेयर लगने जा रहा है। इसका शुभारंभ बुधवार की शाम होगा। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप यह बुक फेयर जिला प्रशासन की ओर से मेला ग्राउंड स्थित शिल्प बाजार में लगाया जा रहा है। बीते साल भी पुस्तक मेले को लेकर पुस्तक विक्रेताओं, अभिभावकों और बच्चों में उत्साह देखने को मिला था। पुस्तक मेले में सीबीएसई, आईएसई और एमपी बोर्ड के सभी निजी स्कूलों के सलेब्स के तहत किताबे, यूनीफॉर्म उपलब्ध रहेंगी।

जिला प्रशासन की ओर से बच्चों और उनके अभिभावकों के हित को ध्यान में रखकर पब्लिशर्स और डीलर्स को कहा गया है कि निर्धारित सलेब्स के तहत ही किताबो के सेट बच्चों और उनके अभिभावकों को उपलब्ध कराएं,खास बात यह भी है कि पुस्तक मेला मे किताबें, स्टेशनरी और ड्रेस खरीदने वाले अभिभावकों को विशष छूट भी दी जायेगी। पुस्तक मेला लगने से अनाधिकृत पुस्तकें बेचने की प्रवृत्ति पर भी प्रभावी रोक लगेगी। वहीं कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट किया कि पुस्तक मेला अवधि के दौरान बाजार में किसी भी पुस्तक की दुकान से स्कूली पुस्तकें, स्टेशनरी नहीं बेची जा सकेंगीं। इस पर पुस्तक विक्रेताओं, एसोसिएशन के अधिकारियों ने भी सामूहिक रूप से सहमति जताई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m