ओमती इलाके में दो गुटों में पथराव

कुमार इंदर, जबलपुर। जबलपुर के ओमती इलाके में दो गुटों के बीच पथराव हो गया। जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। वहीं गोली चलने की भी बात कही जा रही है। विवाद बढ़ने पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के खदेड़ने के बाद मामला शांत हुआ। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते पथराव हुआ था। शुभम सोनकर ने अप्पा सोनकर और अंशुल सोनकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान की जा रही है।

वर्दी वालों की होली

जबलपुर पुलिस ने आज पुलिस ग्राउंड में जमकर होली खेली। एडिशनल एसपी ने हाथ में माइक थामा और अन्य पुलिसकर्मी उनके गाने पर झूमते हुए नजर आए। लेडी सिंघम ने भी जबरदस्त डांस किया। डीजे की धुन पर जमकर गुलाल उड़ा गया। वहीं एसपी संपत उपाध्याय ने सभी स्टाफ को होली त्योहार की बधाई दी हैं।

सेंट्रल जेल में खेली गई होली

जबलपुर सेंट्रल जेल में भी होली खेली गई। केंद्रीय जेल गुलाल से गुलजार हो उठा। इस दौरान जेल प्रहरियों ने जमकर डांस किया। बंदियों ने गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी। वहीं जेलर ने कैदियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।

केंद्रीय जेल में भाई दूज की धूम

जबलपुर केंद्रीय जेल में भाई दूज भी मनाया गया। इस अवसर पर भाई-बहनों को मिलने की व्यवस्था की गई। विंडो से ही मुलाकात कराई गई। वहीं दूर दराज से आई बहनों को मिलने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया।

युवक की निर्मम हत्या

मझौली थाना क्षेत्र के पड़ूंआ पिपरिया में एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि सिर पर पत्थर पटक कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान अजय ठाकुर के रूप में हुई है। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की बात कही जा रही है। वहीं पुलिस ने आरोपी मयंक सेन को गिरफ्तार कर लिया है। अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तालाब में डूबने से नाबालिग की मौत

सिहोरा थाना क्षेत्र के पोंडा गांव में होली खेलने के बाद नाबालिग वेद राय तालाब में नहाने गया था। वह दोस्तों के साथ पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक डूब गया। दोस्तों ने बचाने की कोशिश की लेकिन वह गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। फिलहाल सिहोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ नहाने गया युवक डैम में डूबा

इधर, बरगी थाना अंतर्गत बरगी नगर इलाके में दोस्तों के साथ नहाने गया शैलेश नेमा डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम ने काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। एक दिन बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। कल से ढूंढने की कोशिश की जा रही है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m