महराजगंज. भाजपा कार्यालय में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान ऐसी घटना हुई जिसे देखर हर कोई हक्का बक्का रह गया. कार्यक्रम के बीच जोरदार हंगामा हो गया. जहां एक महिला ने भाजपा के एक पदाधिकारी को भरी सभा में थप्पड़ जड़ दिया. महिला ने उस पर पैसे हड़पने का आरोप लगाया. बताया जा रहा है कि महिला ने एलआईसी पॉलिसी के नाम पर करीब 4.5 लाख रुपये दिए थे, जो वापस नहीं मिले.

दरअसल, कार्यालय में आज मनोनित सभासदों का स्वागत समारोह था. कार्यक्रम चल ही रहा था, इसी बीच एक महिला अपने बेटे के साथ आई और सीधे पदाधिकारी की ओर बढ़ते हुए स्टेज पर चढ़ गई. महिला ने पदाधिकारी का कॉलर पकड़कर उसे थप्पड़ जड़ दिया और चप्पल लेकर मारने दौड़ पड़ी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है.

इसे भी पढ़ें : ऐसी सोच और ऐसी राजनीति को… अखिलेश यादव के बिरयानी पार्टी वाले बयान पर बरसे BJP विधायक राजेश्वर सिंह, जानिए पूरा मामला

महिला का आरोप है कि पॉलिसी के लिए जो पैसे उसने दिए थे वह रकम उस व्यक्ति ने जमा नहीं की. महिला लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रही थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. इसी नाराजगी में महिला कार्यक्रम के बीच पहुंच गई और अपना गुस्सा जाहिर कर दिया. आरोप है कि थप्पड़ मारने के बाद महिला ने पदाधिकारी को कॉलर पकड़कर खींचा और बाहर ले जाने की कोशिश की. इस दौरान स्थिति और बिगड़ गई.