CM Fadnavis Emotional Remembering Ajit Pawar: दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को महाराष्ट्र विधानसभा में भावुक श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सीएम देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे ने उनके अनुशासन और मित्रता को याद किया। जबकि कुछ विधायकों ने विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने अजित पवार को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें राज्य का ऐसा ‘बेहतरीन मुख्यमंत्री’ बताया जो महाराष्ट्र को कभी मिल नहीं सका। उन्होंने कहा कि वे बेस्ट CM होते, बस इस बार उनकी टाइमिंग गलत हो गई।

 मुख्यमंत्री फडणवीस ने अजित दादा के साथ अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए कहा कि वे उम्र में मुझसे 11 साल बड़े थे और सही मायने में मेरे ‘दादा’ थे। फडणवीस ने हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि जित पवार रिकॉर्ड छह बार उपमुख्यमंत्री रहे और उनमें राज्य का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता थी। वे हमेशा समय के पाबंद थे, लेकिन इस बार उनकी टाइमिंग गलत हो गई।

फडणवीस ने 2019 के उस शपथ ग्रहण का भी जिक्र किया जब दोनों ने साथ मिलकर सरकार बनाई थी लेकिन बाद में परिस्थितियां बदल गईं। इसके बावजूद व्यक्तिगत संबंधों में कभी कटुता नहीं आई। फडणवीस ने उन्हें “किसी भी मुख्यमंत्री के लिए सर्वश्रेष्ठ वित्त मंत्री” बताया। इस वर्ष वे अपना 12वां बजट पेश करने वाले थे और अगले वर्ष 13 बजट का रिकॉर्ड तोड़ सकते थे। उन्होंने कहा कि अजित पवार अपनी जुबान के पक्के थे।

समबाहु त्रिभुज जैसे थे रिश्ते- शिंदे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजित पवार को “बड़े भाई” जैसा बताते हुए कहा कि वे, फडणवीस और पवार ‘समबाहु त्रिभुज’ (Equilateral Triangle) की तरह थे जिनके  बीच तालमेल और भरोसा था। उन्होंने कहा कि पवार सख्त प्रशासक थे, लेकिन अंदर से बेहद सरल और संवेदनशील इंसान थे।

सबसे भरोसेमंद दोस्त को मैंने खोयाः उद्धव ठाकरे

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि राजनीति में उनके धुर विरोधी रहे अजित पवार बाद में उनके सबसे भरोसेमंद दोस्त बन गए। उन्होंने कहा कि 2019 में राजनीतिक घटनाक्रम के बावजूद बाद में उनके साथ मजबूत विश्वास का रिश्ता बना। कोविड काल में पवार ने प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘राजनीति के लिए किसी को बदनाम करने की एक सीमा होनी चाहिए। अजित दादा ने इन आरोपों के बावजूद जनता के लिए काम करना जारी रखा।

कई नेताओं ने विमान दुर्घटना पर संदेह जताया

सदन में श्रद्धांजलि के दौरान भास्कर जाधव और सुनील प्रभु जैसे नेताओं ने विमान दुर्घटना पर संदेह भी जताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि किसी भी साजिश की आशंका को दूर किया जा सके। दिलीप वलसे पाटिल और हसन मुश्रीफ जैसे करीबी साथी श्रद्धांजलि देते समय भावुक हो गए।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m