रमेश सिन्हा, पिथौरा। जिले के थाना पिथौरा और थाना सांकरा क्षेत्र में हुई लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा (19) निवासी संजय नगर, सरायपाली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में नाकाबंदी कर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पेट्रोल पंप कर्मचारी से लूट की वारदात
जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की दरम्यानी रात ग्राम टेका स्थित एचपी टेका फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कार्यरत हेमंत साहू (25) निवासी ग्राम डुमरपाली, थाना पिथौरा से तीन अज्ञात युवक पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे। आरोपियों ने कर्मचारी को डराकर उसके पास से 36 हजार 500 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का एक पुराना मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है, लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की लिखित शिकायत पर थाना पिथौरा में 9 मार्च 2026 को अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ग्रामीण से भी लूट की घटना
इसी तरह थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहरीनडोंगेरी में भी तीन अज्ञात आरोपियों ने एक ग्रामीण को अपना शिकार बनाया। यहां सिलेश्वर सहिस से आरोपियों ने 500 रुपये नकद और दो पुराने मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है, लूट लिए। इस मामले में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 49/26 के तहत धारा 309(4) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

