बक्सर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज पूरा बिहार शिवभक्ति के रंग में डूबा हुआ है। देवों के देव महादेव के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। बक्सर के प्रसिद्ध ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की 2 किलोमीटर लंबी कतार देखी गई। सुबह 8 बजे तक लगभग 1 लाख श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि मंदिर परिसर में घुटनों तक पानी भर गया, फिर भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। उधर, बाबा धाम में भी करीब 3 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है, जहां अब तक 80 हजार से अधिक भक्त महादेव को जल अर्पित कर चुके हैं।

पटना और मुजफ्फरपुर में विशेष आयोजन

​राजधानी पटना के मंदिरों को फूलों और रोशनी से भव्य रूप दिया गया है। महावीर मंदिर में आज 60 रुद्राभिषेक किए जा रहे हैं, जबकि पटना सिटी के उमाशंकर मंदिर में सुबह से ही उत्सव का माहौल है। मुजफ्फरपुर के गरीब नाथ मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर में 50 हजार और समस्तीपुर में 25 हजार से अधिक लोगों ने मत्था टेका।

​मोतिहारी: विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग का लघु स्वरूप

​मोतिहारी के विराट रामायण मंदिर में एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान हो रहा है। यहां महाबलीपुरम से मंगाए गए ‘सहस्र शिवलिंग’ के छोटे स्वरूप और नंदी की स्थापना की जाएगी। यह 33 फीट ऊंचे विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग का ही रूप है, जिसे उसी विशेष पत्थर से बनाया गया है। इस शिवलिंग में 14 वृत्तों में 1008 शिवलिंग समाहित हैं।