सोहराब आलम, मोतिहारी। पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में बीते 1 अप्रैल को हुई 50 लाख रुपये के मोटर, पंखा और तार की बड़ी लूट का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड मोतिहारी जिले के सुगौली का निवासी नितेश ठाकुर निकला है, जो रुद्र सेना के नाम से एक संगठन का संचालन करता था।

लूट का सामान बरामद

पुलिस की जांच में नितेश ठाकुर के साथ उसके गांव के तीन अन्य सहयोगियों के नाम भी उजागर हुए हैं, जो इस आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर स्थानीय पुलिस और पटना पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया था, जिसके तहत सुगौली माई स्थान क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान पप्पू सर्राफ के घर से लूटा गया भारी मात्रा में सामान बरामद कर लिया गया है।

अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस ने मौके से पप्पू सर्राफ के बेटे को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस मामले में सुगौली थाना क्षेत्र के नितेश ठाकुर और पप्पू सर्राफ समेत गिरोह के कई अन्य रसूखदार चेहरों की संलिप्तता सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

पीड़ित दुकानदार ने दर्ज कराई थी FIR

पीड़ित केदार कुमार अग्रवाल ने इस संबंध में अगमकुआं थाना में लूट की इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि, 1 अप्रैल को छोटी पहाड़ी स्थित उनके गोदाम महावीर मार्केटिंग में चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि चोरों ने गोदाम में से मोटर, पंखा, बिजली तार समेत अन्य सामान पिकअप पर लोड कर फरार हो गए। चोरों ने इस दौरान गोदाम में लगी सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया था। हालांकि चोरी के कुछ देर का रिकॉर्डिंग पीड़ित ने पुलिस को उपलब्ध कराया था, जिसकी मदद से पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, लूट का सामान भी बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ें- बिहार में चौंकाने वाली वारदात: फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर बदमाशों ने गुजरात के स्वर्ण व्यापारी से लूटा 20 किलो सोना