गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जीपीएम जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऑपरेशन थियेटर में इस्तेमाल की जा रही कॉटरी मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं आग की चपेट में आने से प्रसूता महिला झुलस गई। हालांकि, मौके पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बाद में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की तकनीकी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि जिला अस्पताल में CGMSC द्वारा वर्ष 2023 में यह मशीन स्थापित की गई थी।


जानकारी के अनुसार, यह घटना 27 फरवरी को जिला चिकित्सालय गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हुई। सिजेरियन (सी-सेक्शन) ऑपरेशन के दौरान खून का बहाव रोकने के लिए उपयोग में लाई जा रही कॉटरी मशीन में अचानक स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। उस समय ऑपरेशन थियेटर में गायनिक डॉक्टर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, नर्स सहित कुल पांच लोग मौजूद थे।

आग की चपेट में आने से ऑपरेशन करा रही महिला की पीठ, कमर और जांघ के हिस्से में करीब 30 से 35 प्रतिशत तक जल गए हैं। ओटी स्टाफ ने तत्काल नॉर्मल सलाइन (एनएस) की बोतलों और पानी की मदद से आग बुझाई और महिला को सुरक्षित किया। स्थिति सामान्य होने के बाद डॉक्टरों ने दोबारा प्रक्रिया शुरू की और सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।
एक दिन पहले ही हुआ था मशीन का मेंटेनेंस
बताया जा रहा है कि जिस कॉटरी मशीन में आग लगी, उसका 26 फरवरी को कंपनी के अधिकृत सर्विस इंजीनियर द्वारा प्रिवेंटिव मेंटेनेंस किया गया था। इसके बावजूद अगले ही दिन मशीन में स्पार्किंग और आग लगने की घटना ने मेंटेनेंस प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से शिकायत, सर्विस इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की मांग
वहीं इस मामले में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने घटना की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी को लिखित शिकायत भेजी गई है। शिकायत में घटना की निष्पक्ष जांच कर संबंधित सर्विस इंजीनियर और कंपनी की भूमिका की जांच करने तथा तकनीकी लापरवाही पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है।
मशीन का विवरण
मशीन का नाम: कॉटरी मशीन
मॉडल: वैलीलैब FT10
सीरियल नंबर: T3G66501DX
इंस्टॉलेशन तिथि: 27 अक्टूबर 2023
सप्लायर कंपनी: इंडिया मेडट्रॉनिक प्राइवेट लिमिटेड, महाराष्ट्र
ऑपरेशन के दौरान मशीन में लगी आग – सिविल सर्जन
सिविल सर्जन देवेंद्र पैकरा ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉटरी मशीन का इस्तेमाल सिजेरियन प्रकरण में किया जाता है। जब ऑपरेशन चल रहा था, तभी इस मशीन में स्पार्किंग के बाद आग लग गई। यह मशीन आई खामियों के कारण ऐसा हुआ। घटना से एक दिन पहले ही इस मशीन की सर्विस इंजीनियर द्वारा जांच की गई थी। मौके पर मौजूद डॉक्टरों की सूझबूझ से किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया और सुरक्षित प्रसव करा दिया गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

