हेमंत शर्मा, इंदौर। आगामी त्योहारों को देखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर 16 शातिर बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें से 5 कुख्यात बदमाशों को जिलाबदर कर दिया गया है, जबकि 11 बदमाशों को थाने में हाजिरी देने के आदेश के साथ कड़ी शर्तों में बांधा गया है।

पुलिस के अनुसार ये सभी बदमाश लंबे समय से हत्या, मारपीट, धमकी, अवैध वसूली और अन्य गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं। कई बार कार्रवाई के बाद भी इनकी गतिविधियां नहीं रुकीं, जिसके बाद मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के तहत सख्त कदम उठाए गए।

5 कुख्यात बदमाश जिलाबदर

पुलिस कमिश्नर के आदेश पर रोहित उर्फ काला, शुभम उर्फ जला, राज वर्मा, पुनीत गणगौरे और साहिल उर्फ चेरी को तय अवधि के लिए इंदौर शहर और आसपास के जिलों की सीमा से बाहर कर दिया गया है। इन बदमाशों की लगातार आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र की शांति भंग हो रही थी।

11 बदमाशों को थाने में हाजिरी के आदेश

इसके अलावा 11 आदतन अपराधियों को निर्बंधन आदेश जारी कर तय समय पर थाने में हाजिरी लगाने, अवैध गतिविधियों से दूर रहने और किसी भी तरह की गुंडागर्दी नहीं करने की सख्त शर्त लगाई गई है। इनमें दीपक उर्फ जूना, आशीष टिकलिया, पंकज सेंगर, गौतम थोरवे, भानु थोरवे, चित्रांश उर्फ बिट्टू, सूरज उर्फ गोलू, लखन गिनावा, शाहिद उर्फ नाडिया, लोकेश उर्फ लोकू और पूनम सिलावट शामिल हैं।

त्योहारों से पहले पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जिन बदमाशों पर कार्रवाई की गई है, अगर उन्होंने आदेश का उल्लंघन किया तो सीधे जेल भेजने की कार्रवाई होगी।

इंदौर पुलिस का कहना है कि शहर में शांति बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और गुंडे-बदमाशों के लिए इंदौर में कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m