नितिन नामदेव, रायपुर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हुक्का और प्रतिबंधित तंबाकू सामग्री के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की सामग्रियां जब्त की है।


रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 की रात्रि खमतराई थाना क्षेत्रांतर्गत न्यू गोंदवारा बस्ती स्थित एक गोदाम में प्रतिबंधित सिगरेट, ई-सिगरेट, हुक्का एवं हुक्का से संबंधित सामग्रियों के अवैध भंडारण की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गोदाम में दबिश दी गई। रेड के दौरान गोदाम में मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम प्रबोध शर्मा (56 वर्ष), निवासी कबीर नगर, रायपुर बताया और स्वयं को गोदाम का मैनेजर होना स्वीकार किया।
गोदाम की विधिवत तलाशी लेने पर वहां से प्रतिबंधित ई-सिगरेट, हुक्का एवं उससे संबंधित सामग्रियों का भारी जखीरा बरामद किया गया। आरोपी द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 25,00,000 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित ई-सिगरेट, हुक्का सामग्री, कंप्यूटर सिस्टम और दस्तावेज विधिवत जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 67/26 के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (संशोधित 2023) तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि गोदाम और जब्त प्रतिबंधित सामग्रियों के स्वामी आकाश तलरेजा (निवासी शंकर नगर, पंडरी) एवं नितिन सभागचंदानी (निवासी डीडी नगर, रायपुर) हैं, जो वर्तमान में फरार हैं। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि प्रतिबंधित सामग्रियां महाराष्ट्र के पुणे से मंगाकर रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मांग के अनुसार विक्रय की जाती थी। प्रकरण में फरार आरोपियों की पतासाजी और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है।
जब्त सामग्रियों की सूची-
- कोकोनट कोल – 70 कार्टून।
- मैजिक कोल – 40 कार्टून।
- इंटा कोल – 06 कार्टून।
- ई-सिगरेट – 78 डिब्बा।
- आर्गनिक इरा – 24 नग।
- कोकोजिल कोल – 28 बोरी।
- हुक्का – 34 नग।
- स्टैस प्रो – 14 कार्टून।
- स्टैस प्रो बड़ा – 12 कार्टून।
- हुक्का फ्लेवर – 09 कार्टून।
- नोजल बेक – 08 बोरी।
- बोंग – 110 नग।
- बोंग पाईप – 100 नग।
- मेटल शूटर – 10 पैकेट।
- क्लाउड – 01 कार्टून।
- एल्यूमिनियम फ्वाईल – 07 कार्टून।
- हुक्का पाईप – 46 नग।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


