गुमला। उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ गुमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डुमरी थाना क्षेत्र में देर रात चलाए गए अभियान में पुलिस ने संगठन के चार सक्रिय उग्रवादियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में 5 लाख रुपये का इनामी सबजोनल कमांडर रामदेव लोहरा उर्फ काका भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपी संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। उनके पास से अत्याधुनिक हथियारों के साथ बड़ी संख्या में कारतूस और संचार उपकरण बरामद किए गए हैं।
लातेहार से गुमला पहुंचे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी लातेहार इलाके से गुमला पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जेजेएमपी को जिले में दोबारा सक्रिय करने और संगठन का विस्तार करने की कोशिश की जा रही थी।
रामदेव लोहरा को संगठन का सबजोनल कमांडर बताया गया है, जबकि अरविंद नायक एरिया कमांडर के तौर पर सक्रिय था। दो अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनेश्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा के रूप में हुई है।
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से—
AK-56, SLR और सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, विभिन्न हथियारों के जिंदा कारतूस, वॉकी-टॉकी, 8 मोबाइल फोन, वाई-फाई डोंगल और प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलेगा JJMP का नेटवर्क
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गुमला में जेजेएमपी के नेटवर्क, सक्रिय सदस्यों और संगठन की आगे की गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी करेंगे कार्रवाई का खुलासा
गुमला एसपी मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे ऑपरेशन की जानकारी देंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरफ्तार उग्रवादियों की भूमिका और बरामद हथियारों समेत पुलिस कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


