नवरात्रि के उपवास में अक्सर लोग वही पुराना साबूदाना वड़ा या खिचड़ी खाकर ऊब जाते हैं और, जब बात चैत्र नवरात्रि की हो तो कुछ ठंडा और सेहतमंद खाने का दिल करता है. ऐसे में व्रत के लिए एक बेहद खास साबूदाना फ्रूट कस्टर्ड की रेसिपी आज हम आपके साथ शेयर करेंगे. इस रेसिपी की सबसे बड़ी खूबी है कि इसमें चीनी का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं होता है, मिठास के लिए इसमें खजूर और सूखे मेवों का प्राकृतिक उपयोग करते हैं. मखाने, बादाम और ताजे फलों से भरपूर यह कस्टर्ड न केवल दिनभर एनर्जेटिक रखेगा, बल्कि मीठा खाने की क्रेविंग को भी खत्म करेगा. तो चलिए जानते हैं इसकी रेसिपी.

सामग्री

साबूदाना-½ कप
दूध-1 लीटर
खजूर -6 से 8
बादाम-10से 12
मखाने-1 मुट्ठी
सेब (कटे हुए)-1 छोटा
केला-1
अनार के दाने-½ कप
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
घी-1 छोटा चम्मच

विधि

  1. साबूदाना को धोकर 30–40 मिनट के लिए पानी में भिगो दें.
  2. पैन में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें मखाने व बादाम हल्के सुनहरे होने तक भून लें. ठंडा होने पर इन्हें मोटा-मोटा काट लें.
  3. खजूर को थोड़ा दूध डालकर मिक्सर में पीस लें ताकि स्मूद पेस्ट बन जाए. यही कस्टर्ड की प्राकृतिक मिठास देगा.
  4. एक पैन में दूध उबालें. इसमें भीगा हुआ साबूदाना डालें और मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक साबूदाना पारदर्शी न हो जाए.
  5. अब इसमें खजूर का पेस्ट डालें और 2–3 मिनट पकाएं. साथ में इलायची पाउडर डाल दें. गैस बंद करके इसमें रोस्टेड मखाने, बादाम और कटे हुए फल (सेब, केला, अनार) डालें.
  6. इसे 1–2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने पर कस्टर्ड जैसा गाढ़ा और स्वादिष्ट बन जाएगा. ऊपर से थोड़े और ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें. व्रत में नाश्ते या शाम के स्नैक के रूप में खा सकते हैं.