अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शादी का झांसा देकर युवतियों के साथ शारीरिक शोषण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला धनपुरी थाना क्षेत्र का है, जहां बुढार के एक युवक ने युवती से दोस्ती कर शादी का वादा किया और लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाता रहा।

शादी का दबाव बनाने पर मुकरा आरोपी

जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और उसे बदनाम करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं जिले के अमलाई, गोहपारू और कोतवाली थाना क्षेत्रों से भी ऐसे ही कई मामले सामने आ चुके हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

मेल जोल से प्यार तक पहुंचा मामला

जानकारी के अनुसार धनपुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की दोस्ती बुढार निवासी श्रेयांस जैन से साल 2024 में हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत और मेलजोल बढ़ा, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गया। आरोप है कि श्रेयांस ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

जल्द शादी करने का भरोसा देकर टाल देता था आरोपी

युवती जब भी शादी की बात करती, आरोपी जल्द शादी करने का भरोसा देकर उसे टाल देता। समय बीतने के बाद जब युवती ने दोबारा शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और उसे बदनाम करने लगा, आहत युवती ने हिम्मत जुटाकर धनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

अमलाई में गर्भवती कर मोड़ा मुंह

इसी तरह हाल ही में अमलाई थाना क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक संबंध बनाने का मामला सामने आया। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उससे मुंह मोड़ लिया। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

गोहपारू में भी संबंध बनाकर की थी मारपीट

गोहपारू थाना क्षेत्र में भी साल 2023 से एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया। जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने न केवल इंकार किया बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। 

लगातार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आ रहे ऐसे मामले यह संकेत दे रहे हैं कि प्रेम, भरोसे और शादी के नाम पर छल की प्रवृत्ति जिले में खतरनाक रूप लेती जा रही है। हालांकि पुलिस ने हालिया मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m