अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भाजपा का बड़ा नेता बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने हर कार्यकर्ता के योगदान को हमेशा स्मरण रखती है। कभी-कभी समीकरण ऐसे बनते हैं कि योग्य नेता को भी उनका पद नहीं मिल पाता है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पवन सिंह को जल्द हीं उनका हक देने वाली है। बता दें कि मनोज तिवारी मंगलवार की देर रात औरंगाबाद से लौटते हुए रोहतास जिले के डेहरी पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी होटल में पत्रकारों से भी बातचीत की।

विपक्ष पर साधा निशाना

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भाजपा द्वारा यूज किए जाने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को हवा देना हीं विपक्ष का काम है। पवन सिंह भारतीय जनता पार्टी का एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता है और उन्होंने पिछले चुनावों में काफी मेहनत की है, इसलिए पवन सिंह को उनकी मेहनत का फल जल्द मिलेगा।

परिवारवाद को किया परिभाषित

वहीं मनोज तिवारी ने नीतीश कुमार पर परिवारवाद के लग रहे आरोपों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर परिवारवाद का आरोप लगाना अपने आप से झूठ बोलने जैसा है। परिवारवाद को परिभाषित करते हुए सांसद ने कहा कि जो व्यक्ति किसी पद पर रहते हुए अपने पत्नी, बेटे, बेटी आदि को भी पद दे, तो उसे परिवारवाद कहते हैं।