अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। रोहतास जिले के अकोढी़ गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत सलुकपूर गांव में मंगलवार को एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सलूपुर गांव निवासी आरिफ अंसारी की 22 वर्षीय पत्नी हेना परवीन के रूप में हुई है, जिनकी शादी तीन वर्ष पूर्व वर्ष 2023 में हुई थी। वहीं मृतका के मायके वालों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

विवाहिता की मौत सुनयोजित हत्या

घटना को लेकर मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार की सुबह फोन पर सूचना मिली कि हेना परवीन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद आनन-फानन में हम लोग गांव पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और महिला के गले पर खरोंच के निशान पाए गए हैं।

शव का पोस्टमार्टम, जांच में जुटी पुलिस

इधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अकोढी गोला थाने की पुलिस ने विवाहिता के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। अकोढी़ गोला थाने के चौकीदार फुलेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के शरीर पर संघर्ष के निशान मिले हैं और पुलिस ने हत्या एवं आत्महत्या के एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया गया है जिसके आलोक में आगे की कार्रवाई चल रही है।