अभय मिश्रा, मऊगंज। नवगठित मऊगंज जिले के मुख्यालय में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार की ऐसी सड़क तैयार की जा रही है, जिस पर पारदर्शिता और नियम-कायदों की धज्जियां उड़ती साफ दिखाई दे रही हैं। पीडब्ल्यूडी (PWD) की निगरानी में हो रहे करोड़ों के सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार की मनमानी और अधिकारियों की चुप्पी अब स्थानीय लोगों के गले नहीं उतर रही है।
लाखों का वारा-न्यारा, पहले लगाया फिर उखाड़ा, अब वही दोबारा!
हैरानी की बात यह है कि नगर के सात किलोमीटर के दायरे में पहले टू-लेन सड़क निर्माण का कार्य किया गया और सड़क के किनारे कुछ जगहों पर लगभग एक मीटर में शासकीय बजट से पेवर ब्लॉक लगाए गए। काम पूरा भी नहीं हुआ था कि नई निविदा निकालकर उसे फोर-लेन करने का फरमान आ गया। अब सवाल यह है कि जब मास्टर प्लान में बदलाव होना ही था, तो जनता की गाढ़ी कमाई के लाखों रुपये पहले पेवर ब्लॉक लगाने में क्यों फूंके गए ?
पुराने पेवर ब्लॉकों का पुनर्जन्म या बड़ा घोटाला ?
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जिन पेवर ब्लॉकों को पहले उखाड़ा गया था, अब उन्हीं पुराने और घिसे हुए पेवर ब्लॉकों को नई निविदा के तहत दोबारा क्यों बिछाया जा रहा है। आखिर पुराने पेवर ब्लॉक का भंडारण कहां किया गया ? और उखाड़े गए पेवर ब्लॉकों को सरकारी रिकॉर्ड में कहां जमा किया गया ? क्या दोबारा इस्तेमाल हो रहे इन पेवर ब्लॉकों की गुणवत्ता का परीक्षण किसी जिम्मेदार अधिकारी ने किया ? जब नई निविदा के बजट में नए मटेरियल का प्रावधान था, तो फिर पुराने कबाड़ का इस्तेमाल किसके आदेश पर हो रहा है ?
अंधेरगर्दी विभाग की नाक के नीचे चीरहरण, 100 मीटर दूर PWD दफ्तर फिर भी मौन!
सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि यह पूरा खेल उस हाई-प्रोफाइल इलाके में चल रहा है, जहां जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों के निवास स्थान हैं। हद तो तब हो जाती है जब पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग का कार्यालय खुद यहां से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। अधिकारियों की नाक के ठीक नीचे भ्रष्टाचार का यह नंगा नाच चल रहा है, लेकिन विभाग की आंखों पर पट्टी बंधी है या जानबूझकर लापरवाही की जा रही है, यह जांच का विषय है। क्योंकि जिस मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक लाव-लश्कर और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, वहां पुरानी निर्माण सामग्री का दोबारा इस्तेमाल होना सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


