दिल्ली सरकार राजधानी में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने MBBS और पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों का एकीकरण करने की योजना बनाई है, जिसे All India Institute of Medical Sciences (एम्स) की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस एकीकरण से न सिर्फ मेडिकल सीटों में इजाफा होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। साथ ही डॉक्टरों और छात्रों को बेहतर ट्रेनिंग और रिसर्च के अधिक अवसर मिल सकेंगे।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, Guru Teg Bahadur Hospital, Delhi State Cancer Institute और Rajiv Gandhi Super Speciality Hospital का एकीकरण किया जाएगा। सरकार की योजना इन तीनों अस्पतालों को All India Institute of Medical Sciences (एम्स) की तर्ज पर विकसित करते हुए एक स्वायत्त (Autonomous) मेडिकल संस्थान बनाने की है। इस एकीकृत संस्थान के जरिए मेडिकल शिक्षा, रिसर्च और इलाज की सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में होगा सुधार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा है कि इस कदम से मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के बाद एमबीबीएस और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों की संख्या में इजाफा होगा, जिससे मेडिकल छात्रों को अधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही अस्पतालों की सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, अस्पतालों के विलय से शिक्षकों, बुनियादी ढांचे और अत्याधुनिक मेडिकल मशीनों का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा। इससे न सिर्फ मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि मरीजों को भी उच्च स्तर का इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

प्रोफेसर्स को एक साथ लाया जाएगा

आधिकारिक बयान के मुताबिक, फिलहाल इन अस्पतालों में फैकल्टी अलग-अलग बंटी हुई है, लेकिन एकीकरण के बाद प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर को एक साथ लाकर संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस कदम से एमबीबीएस और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। खासतौर पर कुछ प्रमुख विभागों में सीटें बढ़ने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, एकीकरण के बाद रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और एनेस्थीसिया जैसे विभागों में बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि रेडियोलॉजी में सीटें बढ़कर करीब 22, पैथोलॉजी में लगभग 26 और एनेस्थीसिया में करीब 48 हो सकती हैं।

नए PG कोर्स किए जाएंगे शुरू

आधिकारिक बयान के मुताबिक, Delhi State Cancer Institute और Rajiv Gandhi Super Speciality Hospital में उन विशेष विभागों में नए पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कोर्स शुरू किए जाएंगे, जहां फिलहाल ये कोर्स उपलब्ध नहीं हैं। जानकारी के अनुसार, Delhi State Cancer Institute में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, कैंसर रिसर्च और इंटेंसिव केयर जैसे विभागों में करीब 26 नई पीजी सीटें बढ़ने की संभावना है। वहीं Rajiv Gandhi Super Speciality Hospital में कार्डियोलॉजी और कार्डियक सर्जरी जैसी सुपर-स्पेशियलिटी में लगभग 14 नई सीटें मिलने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से न केवल विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि मरीजों को भी अत्याधुनिक इलाज की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा, अस्पतालों में बिस्तरों, मरीजों और शिक्षकों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ भविष्य में एमबीबीएस सीटों के बढ़ने की भी संभावना जताई गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m