Mewar University Controversy: चित्तौड़गढ़ के गंगरार स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग कोर्स की मान्यता को लेकर चल रहा विवाद अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले करीब एक महीने से अपनी डिग्री और भविष्य की सुरक्षा के लिए लड़ रहे छात्र अब किसी दूसरी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी में माइग्रेशन की मांग पर अड़ गए हैं।

बता दें कि छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के पास बीएससी नर्सिंग कोर्स की पुख्ता मान्यता नहीं है। इस वजह से उनका कीमती समय बर्बाद हो रहा है। आलम यह है कि कैंपस में अब पढ़ाई से ज्यादा प्रदर्शन और तनाव का माहौल है।
आत्मदाह की कोशिश और गिरफ्तारी से गरमाया माहौल
मैदानी सूत्रों ने बताया कि पिछले 27 दिनों से चल रहे इस आंदोलन में तब उबाल आ गया जब चार दिन पहले कुछ छात्रों ने आत्मदाह की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने और आत्मदाह के प्रयास के आरोप में कश्मीर के 17 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया था। इन छात्रों को एक दिन जेल में भी बितानी पड़ी, जिसके बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
छात्रों ने जल्द से जल्द दूसरी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी में माइग्रेशन की मांग की है। वहीं यूनिवर्सिटी चेयरमैन का दावा है कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित है और वे उन्हें घर जाने की सलाह दे रहे हैं। पूरा मामला अब तूल पकड़ चुका है, एबीवीपी ने जिला कलेक्टर को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है।
घर जाने की सलाह पर भड़के छात्र
यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने आगामी रमजान और ईद का हवाला देते हुए छात्रों को फिलहाल घर जाने को कहा है। प्रबंधन का तर्क है कि जैसे ही कोर्स के लिए एनओसी (NOC) मिल जाएगी, छात्रों को वापस बुला लिया जाएगा।
लेकिन, प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने इसे महज एक चाल बताया है। छात्रों का आरोप है कि प्रबंधन उन पर हॉस्टल खाली करने का दबाव बना रहा है ताकि आंदोलन को ठंडा किया जा सके। छात्रों का साफ कहना है कि अब वे सिर्फ कागजी आश्वासनों पर भरोसा नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि अगर समय रहते सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए, तो सैकड़ों छात्रों का शैक्षणिक वर्ष शून्य हो सकता है। फिलहाल, गंगरार के इस इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती है और तनाव बना हुआ है।
पढ़ें ये खबरें
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह में दुल्हन ने खुशी में किया डांस, सतना के चंडी माता मंदिर में हुआ 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह
- अफीम की खेती पर सियासत : भूपेश बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता से की अपील, कहा – हालात भयावह, छत्तीसगढ़ को बचाना होगा
- बिहार राज्यसभा चुनाव, सम्राट चौधरी के आवास पर NDA की निर्णायक बैठक, पांचवीं सीट के लिए बनी खास रणनीति
- पीएम किसान उत्सव कल : प्रधानमंत्री मोदी डीबीटी के जरिए छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख से अधिक किसानों के खातों में डालेंगे 498.83 करोड़ रुपए
- घरेलू LPG के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त: होटल-दुकानों और गैस एजेंसी पर की छापेमार कार्रवाई, 350 से अधिक घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर किए गए जब्त
