MI vs RCB IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में आज सुपर संडे के मौके पर डबल हेडर मुकाबले खेले जा रहे हैं। दिन के दूसरे और सीजन के 20वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि दोनों ही टीमें इस सीजन में अपने प्रदर्शन में निरंतरता हासिल करने की कोशिश में हैं।

आईपीएल सीजन 19 में MI और RCB के अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने 3 मुकाबलों में से 2 में जीत दर्ज की है और 1 मैच में हार का सामना किया है। वहीं, हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने 3 मैचों में सिर्फ 1 जीत हासिल की है, जबकि 2 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए जीत के साथ मोमेंटम हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।

बता दें कि यह हाई-वोल्टेज मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। मैच से पहले आइए जानते हैं हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और प्रमुख खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जुड़ी अहम जानकारी।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी खास नजरें

RCB के कप्तान रजत पाटीदार शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस सीजन में अब तक 3 पारियों में 71.00 की औसत और 200.00 की स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए हैं। पिछले मैच में उन्होंने 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी, जिससे टीम को मजबूती मिली।

वहीं, विराट कोहली का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार रहा है। उन्होंने MI के खिलाफ 34 मैचों में 31.79 की औसत और 128.77 की स्ट्राइक रेट से 922 रन बनाए हैं।

मुंबई की ओर से रोहित शर्मा भी RCB के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने बेंगलुरु के खिलाफ 34 मैचों में 27.35 की औसत और 136.99 की स्ट्राइक रेट से 848 रन बनाए हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन मैच का रुख तय कर सकता है।
MI बनाम RCB हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 34 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस ने 19 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि RCB ने 15 मुकाबले जीते हैं।
हालांकि, पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में RCB ने 12 रन से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा, दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड RCB के नाम है, जिन्होंने 235 रन बनाए थे।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच आमतौर पर फ्लैट होती है, जिससे बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने का मौका मिलता है। छोटी बाउंड्री होने के कारण यहां बड़े स्कोर बनते हैं।
हालांकि, तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और उछाल का फायदा मिल सकता है, जिससे वे शुरुआती विकेट निकालने की कोशिश करेंगे। स्पिन गेंदबाजों को भी कुछ हद तक मदद मिलती है, लेकिन इस पिच पर उनका प्रभाव सीमित रहता है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 170 रन के आसपास रहता है।
MI और RCB की संभावित प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस (MI)
रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट/कॉर्बिन बॉश, जसप्रीत बुमराह
इम्पैक्ट प्लेयर: घोषित होना बाकी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह/मंगेश यादव, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा
इम्पैक्ट प्लेयर: घोषित होना बाकी
कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

