MI vs RR IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज सुपर संडे पर लीग स्टेज के दो अंतिम और बेहद अहम मुकाबले खेेले जाएंगे। दिन के पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो जैसा है, क्योंकि टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें इसी मैच पर टिकी हुई हैं।

रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स ने अब तक 13 मुकाबलों में 7 जीत दर्ज कर 14 अंक हासिल किए हैं और टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है। ऐसे में अगर राजस्थान आज मुंबई को हरा देती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी। वहीं हार मिलने पर टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।

दूसरी ओर हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस का यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम 13 मैचों में सिर्फ 4 जीत के साथ 8 अंक ही जुटा सकी है और पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। हालांकि घरेलू मैदान पर मुंबई जीत के साथ सीजन का अंत करना चाहेगी।

मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला आज दोपहर 3:30 बजे से वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस दोपहर 3 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

हेड टू हेड में कांटे की टक्कर

आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले हमेशा बेहद रोमांचक रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं। इनमें मुंबई ने 16 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान 15 बार बाजी मार चुकी है। आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का रहा है।

इस सीजन दोनों टीमों की यह दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया था। ऐसे में राजस्थान के हौसले बुलंद हैं।

कैसी रहेगी वानखेड़े की पिच?

वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन इस बार मुकाबला दोपहर में खेला जाना है, इसलिए परिस्थितियां थोड़ी अलग हो सकती हैं। जानकारी के मुताबिक आज पिच नंबर-6 पर मैच खेला जाएगा, जहां इस सीजन पहले भी कई मुकाबले हो चुके हैं।

दोपहर के मैच में शुरुआत में बल्लेबाजों को फायदा मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा पिच धीमी हो सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला ले सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई में हल्की बारिश की संभावना भी जताई है, हालांकि पूरे मैच के प्रभावित होने की उम्मीद कम है।

वानखेड़े स्टेडियम के IPL आंकड़े

वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम आईपीएल के सबसे हाई स्कोरिंग मैदानों में से एक माना जाता है। यहां अब तक कुल 129 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। इस मैदान पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 70 मैच जीते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 59 मुकाबलों में जीत मिली है।

वहीं टॉस जीतने वाली टीमों ने 67 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीमें 62 मुकाबले जीतने में सफल रही हैं। वानखेड़े में अब तक का सर्वोच्च स्कोर 249/4 दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम स्कोर 67 रन रहा है। इसके अलावा इस मैदान पर सबसे बड़ा सफल रन चेज 229/4 का रहा है। पहली पारी का औसत स्कोर करीब 173 रन माना जाता है, जिससे साफ है कि यहां बल्लेबाजों को खूब मदद मिलती है और फैंस को अक्सर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं।

MI और RR की संभावित प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस (MI)

रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह

इम्पैक्ट प्लेयर – रघु शर्मा

राजस्थान रॉयल्स (RR)

यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवान फरेरा, शुभम दुबे, दसुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा, सुशांत मेहता

इम्पैक्ट प्लेयर – बृजेश शर्मा

यहां देख सकेंगे लाइव मैच

मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर दोपहर 3:30 बजे से किया जाएगा। वहीं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी। मैच से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट और लाइव स्कोर आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी देख सकेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H