दिल्ली पुलिस के आउटर जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने उत्तम नगर इलाके में सक्रिय एक दूध चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया हैजो दूध सप्लाई करने वाली गाड़ियों का पीछा कर दूध और दही के क्रेट चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दूध और दही चोरी की घटना दिखाई दे रही थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

3 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि मोहित उर्फ पाथा और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित शिव विहार, विकास नगर के पास चर्च के पास अपने एक साथी से मिलने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां जाल बिछाया। कुछ देर बाद एक थ्री-व्हीलर वहां आया। जैसे ही एक युवक गाड़ी से उतरा, पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को 14 खाली दूध के क्रेट मिले। जब आरोपियों से गाड़ी के कागज मांगे गए तो वे नहीं दिखा पाए। जांच में पता चला कि यह थ्री-व्हीलर प्रेम नगर इलाके से चोरी हुआ था।

डाबड़ी और बिंदापुर में बेचते थे दूध

पुलिस के मुताबिक आरोपी दूध सप्लाई करने वाली गाड़ियों का पीछा करते थे। जब सप्लायर घरों या दुकानों के बाहर दूध के क्रेट रखता था। तब ये मौका देखकर क्रेट उठा लेते थे। चोरी किया गया दूध और दही बाद में डाबड़ी और बिंदापुर के दूध सप्लाई प्वाइंट्स पर बेच देते थे।

फरवरी में ही जेल से बाहर आया था एक आरोपी

गिरफ्तार आरोपी मोहित उर्फ पाथा रन्होला का रहने वाला है और उस पर चोरी, स्नैचिंग और वाहन चोरी के 38 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह फरवरी 2026 में ही जेल से बाहर आया था। दूसरा आरोपी आयुष मान पांडे उर्फ पंडित भी रन्होला का रहने वाला है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m