रायपुर। राजधानी रायपुर में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार–रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने ताले और छप्पर तोड़कर करीब 7 लाख रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।


बताया जा रहा है कि मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, लाभांडी निवासी शिव कुमार वर्मा (70) की पंडरी स्थित “लब-डब” नामक कपड़े की दुकान से चोरों ने गल्ले में रखे करीब 2 लाख 75 हजार रुपये चोरी कर लिए। शिव कुमार वर्मा ने बताया कि 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 1 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली, तो गल्ले का दराज खुला मिला और नगदी गायब थी। जांच में सामने आया कि चोर छप्पर की टिन शेड तोड़कर दुकान के भीतर दाखिल हुए थे।
इसी तरह पास ही स्थित “नोवा फर्नीचर” दुकान में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यहां छप्पर तोड़कर घुसे चोरों ने गल्ले में रखे करीब 1 लाख 40 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए।
वहीं तीसरी वारदात “डिजाइनर सेनिटेशन एंड हार्डवेयर” दुकान में हुई, जहां से चोर करीब 2 लाख 85 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। तीनों दुकानों से कुल मिलाकर करीब 7 लाख रुपये की नगदी चोरी होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने दुकानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मुंह ढंककर दुकानों में घुसे, चोरी की और फरार हो गए। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


