अमित पांडेय, डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम जटकन्हार से एक गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला उभरकर सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पोस्ट ऑफिस में जमा उनकी मेहनत की कमाई सेविंग्स अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य योजनाओं की राशि अचानक खातों से कम या गायब दिखाई दे रही है। हालांकि यह मामला अभी तक औपचारिक रूप से पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है, लेकिन बड़ी संख्या में ग्रामीण जल्द ही थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने अपने खातों की ऑनलाइन जानकारी जांची तो जमा राशि में भारी अंतर पाया गया। कई खाताधारकों ने लाखों रुपये जमा किए थे। कुछ लोगों का दावा है कि उनके 8-9 लाख रुपये तक की रकम का हिसाब स्पष्ट नहीं मिल रहा है। इस खुलासे के बाद गांव में बेचैनी और आक्रोश का माहौल है। मामले को और गंभीर तब माना जा रहा है जब यह जानकारी सामने आई कि जटकन्हार पोस्ट ऑफिस में कार्यरत ग्रामीण ब्रांच मैनेजर आशीष मंडावी पिछले कई दिनों से लापता बताए जा रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति ने संदेह को और गहरा कर दिया है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज है कि कहीं यह मामला किसी संगठित वित्तीय गड़बड़ी का हिस्सा तो नहीं। गांव के लोगों ने आपसी बैठक कर सामूहिक रूप से कार्रवाई का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि वे थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों से यह भी मांग की जा रही है कि खातों की तत्काल ऑडिट जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।

फिलहाल आधिकारिक स्तर पर कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह घटना ग्रामीण बचत व्यवस्था और डाक विभाग की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और पारदर्शिता से कदम उठाता है।