पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी को सबसे बड़ा घुसपैठिया बताया। उन्होंने कहा- जब आप विदेश जाते हैं तो नेताओं से हाथ मिलाते हैं और दोस्ती की बात करते हैं। लेकिन जब आप भारत लौटते हैं तो अचानक हिंदू-मुस्लिम नैरेटिव शुरू हो जाता है और लोगों को घुसपैठिया कहा जाता है। कोलकाता की रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद नमाजियों को संबोधित करते हुए TMC सुप्रीमो ने कहा, ‘फिर आप नाम हटाने और लोगों को घुसपैठिया बताने की बात करते हैं। मैं कहूंगी, आप बड़े घुसपैठिए हैं। आपने हमारी सरकार पर कब्जा कर लिया है और अनऑफिशियल प्रेसिडेंट रूल लगा दिया है। लेकिन हम डरेंगे नहीं। जो लोग बंगाल को निशाना बना रहे हैं और लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें जहन्नुम में जाना चाहिए।

संजय राउत ने EC पर बंगाल में भेदभाव का आरोप लगाया

शिवसेना सांसद संजय राउत ने देश में चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में छेड़छाड़, दबाव और हेरफेर हो रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के भारत की लोकतंत्र को लेकर किए गए दावों को चुनौती दी और संयुक्त राष्ट्र से चुनावों की निगरानी के लिए ऑब्जर्वर भेजने की मांग की। राउत ने कहा कि पंचायत से लेकर लोकसभा तक, हाल के वर्षों में कोई भी चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से नहीं हुआ है।

राउत ने चुनाव आयोग पर भी पश्चिम बंगाल में भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि यह संस्था अब निष्पक्ष नहीं रही। उन्होंने पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के ट्रांसफर को अघोषित इमरजेंसी जैसा बताया। साथ ही ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी पार्टी BJP के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और जनता उनके साथ है।

केरल के सीएम ने राहुल गांधी और कांग्रेस को बताया बीजेपी की टीम B

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वे BJP की ‘B-टीम’ की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बात समझने में दिक्कत होती है। राहुल ने कहा था कि देश के बाकी विपक्षी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियां बुला रही हैं या गिरफ्तार कर रही हैं, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री के साथ ऐसा नहीं हो रहा। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि नेशनल लेवल पर कांग्रेस का रवैया ऐसा दिखता है जैसे वह BJP की मदद कर रही हो। उन्होंने यह भी कहा कि केरल में कांग्रेस और BJP कई मुद्दों पर एक जैसा विरोध करती हैं, खासकर लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के खिलाफ।

CM विजयन ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और साम्प्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया, जबकि अपनी पार्टी को सभी तरह के कम्युनलिज्म के खिलाफ बताया। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से जुड़े पुराने आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत से क्लीन चिट मिलने के बाद भी राहुल गांधी वही बातें दोहरा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वे बार-बार अलग-अलग आरोप लगाकर वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m