आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ का जिक्र अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केरल के तिरुवल्ला में आयोजित एनडीए की बड़ी रैली को संबोधित करते हुए किया है। उस रैली में पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी ने खासतौर पर तीन फिल्मों ‘धुरंधर’, ‘द केरल स्टोरी’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर विपक्ष पर झूठा नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ये कांग्रेस वाले, UDF वाले, LDF वाले हर चीज में झूठ बोलना ये जैसे उनका स्वाभाव बन गया है। देश को गुमराह करना ये उनका स्वाभाव बन गया है। जब हम CAA लाए तो इन्होंने इतना झूठ बोला, आज CAA लागू हुआ देश को कोई नुकसान नहीं हुआ। ‘केरल फाइल्स’ आई फिल्म, तो भी बोलने लगे सब झूठ है। उन्होंने कहा द कश्मीर फाइल्स यह झूठ है, उन्होंने कहा धुरंधर भी एक झूठ है। कुछ भी करो उसे लेकर झूठ फैला देना। इन दिनों FCRA, UCC को लेकर भी ऐसा ही झूठ फैलाया जा रहा है।”

कई लोगों ने फिल्म को बताया प्रोपगेंडा

बता दें कि धुरंधर, द केरल स्टोरी और द कश्मीर फाइल्स तीनों ही फिल्मों को कुछ लोगों ने प्रोपेगेंडा बताते हुए आलोचना की। हालांकि, तीनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। धुरंधर आदित्य धर की फिल्म है, जो दो भागों में रिलीज हुई। इसमें रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म 1999 के कंधार हाईजैक और 26/11 जैसे वास्तविक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से प्रेरित है। फिल्म का पहला पार्ट 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ, जबकि इसका दूसरा पार्ट हाल ही में 19 मार्च 2026 को रिलीज हुआ।

भारत में करेगी 1000 करोड़ का कलेक्शन

रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म इतिहास रचने की कगार पर है, क्योंकि यह भारत में 1000 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के करीब पहुंच रही है। सैकनिल्क के अनुसार, 17 दिनों में ‘धुरंधर 2’ ने भारत में 985.02 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, फिल्म वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और तीसरे सप्ताह में भी इसका शानदार प्रदर्शन जारी है।

श्रेया घोषाल ने की रणवीर की तारीफ

रणवीर सिंह हाल ही में मुंबई में NMACC के तीसरे एनिवर्सरी सेलिब्रेशन में सिंगर श्रेया घोषाल और शंकर महादेवन के साथ एक शानदार और हाई-एनर्जी परफॉर्मेंस दी। इस खास मौके पर तीनों कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। इवेंट के बाद श्रेया ने सोशल मीडिया पर एक क्लिप शेयर किया और लिखा, “रणवीर आप इतने प्यारे कैसे हैं और स्क्रीन पर इतने ‘धुरंधर’ नजर आते हैं। पहली मुलाकात से ही आपने मेरा दिल जीत लिया था। आप हमेशा विनम्र रहते हैं और खुशियां बांटते हैं। दिल से कलाकार हैं।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m