पटना। जिला अंतर्गत मोकामा के हाथीदह थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राजेंद्र सेतु के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पिलर संख्या-2 के पास मिली लाश
पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो शव राजेंद्र सेतु के पिलर संख्या-2 के समीप पड़ा हुआ पाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर इलाके को सुरक्षित किया। साक्ष्यों के संकलन के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक पहलुओं से जांच की जा सके।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
इस मामले में सबसे रहस्यमयी बात यह है कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं। मृतक ने काले रंग का ट्राउजर और ब्लू-ब्लैक टी-शर्ट पहन रखी थी, साथ ही उसके पैरों में सेफ्टी शू पाए गए हैं। बाहरी चोट न होने के कारण मौत की गुत्थी उलझ गई है।
निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का मजदूर होने की आशंका
पुलिस द्वारा शुरुआती छानबीन में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक आसपास चल रहे किसी निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में काम करने वाला मजदूर हो सकता है। एक संभावना यह भी जताई गई कि वह रेल ट्रैक के पास से या चलती ट्रेन से गिरा हो, लेकिन शरीर पर खरोंच तक न होना इस थ्योरी पर सवाल खड़े करता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के इलाकों में उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। प्रशासन स्थानीय ठेकेदारों और ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

