सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां प्यार का खुमार एक युवती के सिर इस कदर चढ़ा कि उसने हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। यह पूरा मामला जिले के राजपुर तेतरिया थाना क्षेत्र का है, जहां एक प्रेमिका अपने प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गई और देखते ही देखते बिजली के एक ऊंचे टावर पर चढ़ गई।

​प्रेमी के लिए टावर पर शोले स्टाइल ड्रामा

​घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। अपनी बात मनवाने के लिए उसने फिल्मी अंदाज अपनाया और गांव के बाहर स्थित बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई पर जाकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी और धमकी देने लगी कि अगर उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई गई, तो वह नीचे कूद जाएगी।

​वीडियो हुआ वायरल, मौके पर उमड़ी भीड़

​युवती को टावर पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच, कुछ लोगों ने इस पूरे हंगामे का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना राजपुर तेतरिया थाने को दी।

​पुलिस और परिजनों के छूटे पसीने

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और परिजनों ने घंटों तक लड़की को नीचे उतारने की मिन्नतें कीं और उसे समझाने-बुझाने की कोशिश की। परिजन उसे शादी का भरोसा देते रहे, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभाला। गनीमत रही कि इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे में कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती की काउंसलिंग की बात कही जा रही है।