सोहराब आलम/ मोतिहारी। बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाने वाले माफिया अब तस्करी के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। ताजा मामला पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से सामने आया है, जहां गैस सिलेंडरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को मद्यनिषेध विभाग की टीम ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को दबोच लिया गया है।
पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी और छापेमारी
मद्यनिषेध विभाग की चलिष्णु दल को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक के जरिए भारी मात्रा में शराब की सप्लाई होने वाली है। निरीक्षक सेराज अहमद के नेतृत्व में टीम ने पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के कोठी बाजार चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास नाकेबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध छह चक्का ट्रक और एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसके बाद अधिकारी भी दंग रह गए।
सिलेंडरों के बीच छिपा था मधुशाला का सामान
बाहर से देखने पर ट्रक में रसोई गैस के खाली सिलेंडर नजर आ रहे थे, लेकिन जब जवानों ने उनकी सघन तलाशी ली, तो सिलेंडरों की आड़ में छिपाकर रखे गए 27 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुए। इसके साथ ही, स्कॉट कर रही एक बोलेरो गाड़ी से भी 2 कार्टून शराब जब्त की गई। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए यह पूरा ताना-बाना बुना था, जिसे टीम ने अपनी सूझबूझ से नाकाम कर दिया।
तीन गिरफ्तार, एक शातिर फरार
मौके से पुलिस ने तीन शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरविंद कुमार (खुटौना), कुंदन कुमार (सिसहनी) और गुड्डू सहनी (रामबन मलाही टोला) के रूप में हुई है। हालांकि, इनका एक साथी सुभाष कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
कानूनी कार्रवाई और टीम की मुस्तैदी
इस सफल ऑपरेशन में दारोगा उदय कुमार, जमादार अजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार और शशिकुमार ऋषि समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

