सोहराब आलम/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां फेनहारा पश्चिम गांव में महज साइकिल चोरी के संदेह में एक किशोर को बंधक बनाकर बेल्ट से बुरी तरह पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

​संदेह के आधार पर तालिबानी सजा

​घटना की शुरुआत 10 जनवरी को हुई, जब फेनहारा निवासी धनंजय साह के पुत्र के एक दोस्त की साइकिल चोरी हो गई। धनंजय के पुत्र ने गोबिंद बारह गांव निवासी अजीमुल्ला के पुत्र पर चोरी का शक जाहिर किया। इसी आधार पर 3 फरवरी को पीड़ित किशोर को पकड़कर धनंजय साह के मिल परिसर में ले जाया गया। वहां बिना किसी साक्ष्य के, किशोर को बेल्ट से लहूलुहान कर दिया गया।
​वीडियो बनाता रहा आरोपी का साथी
​वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पीड़ित किशोर हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगा रहा है, लेकिन हमलावर का दिल नहीं पसीजा। हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद धनंजय का बेटा बीच-बचाव करने के बजाय ठहाके लगाते हुए इस क्रूरता का वीडियो बनाता रहा।

​पुलिस की सख्त कार्रवाई

​इलाज के बाद पीड़ित परिवार ने 11 फरवरी को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दूसरे की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।