सोहराब आलम/​मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में बढ़ते अपराध और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात संतोष सहनी संगठित चोर गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के सात सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है। यह कार्रवाई पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के वाटगंज इलाके में की गई है।

​गुप्त सूचना पर त्वरित एक्शन

​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के वाटगंज में गिरोह के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जुटे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम का नेतृत्व सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार और सदर डीएसपी-2 जितेश पांडे कर रहे थे।

​छापेमारी और गिरफ्तारी

​गठित टीम ने वाटगंज में घेराबंदी कर छापेमारी की, जिसमें गिरोह के सात मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इस टीम में पिपरा कोठी थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पकड़े गए अपराधियों के पास से चोरी से जुड़े साक्ष्य भी बरामद हुए हैं।

​अपराध के ग्राफ में आएगी गिरावट

​एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों पर जिले के विभिन्न थानों में चोरी और लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। यह एक संगठित गिरोह था जो लंबे समय से सक्रिय था। इनकी गिरफ्तारी के बाद जिले में चोरी की वारदातों में भारी कमी आने की उम्मीद है। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।