सोहराब आलम, मोतिहारी। मोतिहारी पुलिस द्वारा आज मंगलवार को सप्ताह समारोह 2026 के अवसर पर नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर नशा मुक्ति प्रभात फेरी को रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को सूखा नशा एवं शराब से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

प्रभात फेरी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने शहर के विभिन्न मार्गों से होकर मार्च किया और स्थानीय लोगों से मादक पदार्थों के सेवन न करने की अपील की। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। इससे न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि सामाजिक ताना-बाना भी कमजोर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें और उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखें।

प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान “सूखा नशा और शराब से दूरी, जीवन में खुशहाली जरूरी” जैसे नारे लगाए गए। पुलिस सप्ताह के तहत आगे भी विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा सके।

ये भी पढ़ें- ​लालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी जीजा गिरफ्तार, जांच में जुटी FSL टीम