सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले की पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चकिया थाना क्षेत्र के गवंदरा स्थित एक मदरसे में छापेमारी की। पुलिस कप्तान (SP) स्वर्ण प्रभात के सीधे निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
छापेमारी और हथियार की बरामदगी
पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि गवंदरा के इस मदरसे में किसी बड़ी आपराधिक साजिश को अंजाम देने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूरे मदरसे की घेराबंदी कर ली और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इस तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक लोडेड पिस्टल और कुछ अन्य संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मदरसे को सील कर दिया है।
PFI कनेक्शन और पुराना इतिहास
यह मामला इसलिए भी अधिक गंभीर हो गया है क्योंकि इस मदरसे का पुराना नाता प्रतिबंधित संगठन PFI (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) से रहा है। बता दें कि यह वही मदरसा है जहां से पूर्व में चकिया पुलिस और एसटीएफ (STF) ने PFI से जुड़े सक्रिय सदस्य उस्मान उर्फ सुल्तान उर्फ याकूब को गिरफ्तार किया था। पुराने आतंकी और आपराधिक लिंक को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अब इस नए घटनाक्रम को काफी गहराई से देख रही हैं।
तीन संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
मौके से पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मदरसे के भीतर हथियार पहुंचाने का मुख्य उद्देश्य क्या था और इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी या आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

