सोहराब आलम/ मोतिहारी/पूर्वी चंपारण। जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां चैती नवरात्रि की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। मोतिहारी के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में नदी में डूबने से सातवीं कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
कलश यात्रा के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के सुंदरपट्टी पंचायत स्थित मझार गांव में चैती नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। इस धार्मिक आयोजन में गांव के सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ बच्चे भी काफी उत्साहित थे। कलश यात्रा संपन्न होने के बाद, कुछ बच्चे पास ही बहने वाली बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने चले गए।
गहरे पानी में समा गई जिंदगी
नदी में स्नान करने के दौरान ही मझार गांव निवासी मिंटू कुमार, जो सातवीं कक्षा का छात्र था, अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गया। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक ग्रामीण और परिजन वहां पहुंच पाते, मिंटू गहरे पानी में पूरी तरह डूब चुका था। काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस की कार्रवाई और गांव में शोक
हादसे की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल थाना के एसआई सुधीर कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय मुखिया वीरेंद्र साहनी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा के तमाम इंतजामों के बावजूद यह अनहोनी हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्र की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे पंचायत में सन्नाटा पसरा हुआ है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

