सोहराब आलम/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सुगांव पंचायत के सुगांव टाल में शनिवार शाम एक 30 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

​शुक्रवार से लापता था युवक

​मृतक की पहचान सुगांव निवासी रामनिवास ठाकुर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामनिवास शुक्रवार को किसी काम से घर से बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार वाले उनकी तलाश कर ही रहे थे कि शनिवार शाम ग्रामीणों ने टाल क्षेत्र में एक पेड़ से उनका शव लटका देखा। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​रामनिवास अपने परिवार के इकलौते भाई थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे दो बहनें और तीन छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​सूचना मिलते ही सुगौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनिशा सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
​पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। अनिशा सिंह, थानाध्यक्ष
​फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश है।