सोहराब आलम/ मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। टीम ने कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात हेड क्लर्क रवि कुमार चतुर्वेदी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पास ही अंजाम दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
रिटायर्ड कर्मचारी से मांगी थी कमीशन
हैरानी की बात यह है कि आरोपी हेड क्लर्क किसी बाहरी व्यक्ति से नहीं, बल्कि अपने ही विभाग के एक सेवानिवृत्त चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी से पैसे मांग रहा था। पीड़ित कर्मचारी भरत ठाकुर हाल ही में रिटायर हुए थे। उनके रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले फंड और बकाया राशि के भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रवि चतुर्वेदी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
निगरानी विभाग का बिछाया जाल
थक-हारकर भरत ठाकुर ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद, निगरानी विभाग के डीएसपी विकास श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। मंगलवार को योजना के मुताबिक, जैसे ही भरत ठाकुर ने हेड क्लर्क को रिश्वत के 10 हजार रुपये थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी क्लर्क को अपने साथ मुजफ्फरपुर या पटना ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। डीएसपी विकास श्रीवास्तव ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

