राकेश चतुर्वेदी/शब्बीर अहमद, भोपाल। MP Assembly Session: मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। विधायक अमेरिका से हुई भारत की ट्रेड डील के विरोध में डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर पहुंचे। वहीं सदन में लाडली बहना योजना में नए पंजीयन और पेंशन समेत कई मुद्दों पर विपक्ष ने प्रश्न किए। 

कांग्रेस विधायकों ने रेड कार्पेट बिछाकर किया ट्रेड डील का नाट्य रूपांतरण

कांग्रेस विधायक हाथों में किसानों की समस्याओं से जुड़ी तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अमेरिका और भारत के बीच हुई ट्रेड डील का नाट्य रूपांतरण किया। जिसमें ट्रेड डील से किसानों को होने वाले नुकसान और अन्याय के विरोध में जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया और बताया कि किस तरह रेड कारपेट बिछाकर अमेरिका से ट्रेड डील की गई। विपक्ष के MLA ने सरकार से अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील खत्म करने की मांग की।

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में BPL कार्ड अनिवार्य करने पर सवाल

सत्र की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने मुख्यमंत्री कन्यादान में बीपीएल कार्ड अनिवार्य करने का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संशोधन के कारण बसंत पंचमी पर ग्वालियर संभाग में एक भी शादी नहीं हो सकी।

मंत्री ने कहा-  कमलनाथ ने भी भ्रष्टाचार की शिकायतें की थी

कांग्रेस विधायक के आरोपों का मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जवाब देते हुए कहा कि इसकी शिकायतें पहले मिलती थीं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतें की थी। इस कारण गरीबी रेखा का बिंदू लागू किया गया है। इस संशोधन के बाद प्रदेश में 13 हजार 642 विवाह हुए हैं। इस पर कांग्रेस विधायक विवेक पटेल और सतीश सिकरवार ने कन्यादान योजना में गरीबी रेखा की बाध्यता समाप्त किए जाने की मांग की। मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सामने यह विषय रखेंगे। ऐसी गड़बड़ी आई थीं कि दोबारा शादी, दोबारा निकाह हो रहे हैं। 

इस्तीफे के बाद हेमंत कटारे पहुंचे सदन

उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार हेमंत कटारे विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इस्तीफे पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने पत्रकारों से प्रश्नकाल के बाद विस्तार से बात करने की बात कही। हालांकि, NEWS 24 MP-CG और लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में उन्होंने इसकी वजह पारिवारिक कारण बताया। उन्होंने कहा, ‘भागीरथपुरा पर चर्चा नहीं हुई, मैंने इसे लेकर तैयारी की थी। जिसके चलते परिवार में शादी थी, उसमें भी शामिल नहीं हो पाया। बीजेपी में जाने के सवाल पर हेमंत कटारे ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार से मेरा किसी तरीके का कोई विवाद नहीं है, वह मेरे बड़े भाई हैं। राजनीति में जब से एंट्री हुई है, आज तक बीजेपी में जाने को लेकर सोचा तक नहीं। मैंने उपनेता प्रतिपक्ष से इस्तीफा दिया है, उसे वापस नहीं लूंगा। इस्तीफे पर पार्टी जो फैसला लेगी उसे स्वीकार करूंगा।’ 

लाडली बहना योजना में नए पंजीयन पर विपक्ष ने दागे सवाल

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने सदन में लाडली बहना योजना में नए पंजीयन का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि नए पंजीयन कब होंगे शुरू? इस पर महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि सब समय के साथ होगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी पंजीयन को लेकर सवाल उठाए तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘लाडली बहना शुरू हुई तो विपक्ष कह रहे थे कि योजना बंद होगी, लेकिन सतत जारी रही। 2028 तक 3 हजार प्रति राशि देने वाले हैं और देकर रहेंगे।’ नए पंजीयन पर उन्होंने कहा- समय आने पर सब होगा।  

महेश परमार बोले- बहनों के साथ धोखा कर बनाई सरकार

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि बहनों के लिए नए पंजीयन की व्यवस्था नहीं की गई। बहनों के साथ धोखा कर बीजेपी ने सरकार बनाई। इस पर मंत्री निर्मला भूरिया ने जवाब देते हुए कहा, ‘बहनों के खाते में नियमित रूप से राशि दी जा रही है। सरकार अपना काम कर रही है। विपक्ष को चिंता करने की जरूरत नहीं। 60 साल बाद बहनों को वृद्धा पेंशन दी जा रही है।किसी भी बहन का नाम नहीं काटा गया। नए पंजीयन के सवाल का जवाब देना संभव नहीं है।’

पेंशन राशि दोगुनी करने की मांग

विधानसभा में इस दौरान पेंशन की राशि दोगुना करने की मांग उठी। पेंशन पर लगे सवाल के दौरान वृद्धा पेंशन, निराश्रित पेंशन, विकलांग पेंशन, कल्याणी पेंशन, परित्यागता पेंशन व सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य प्रकार की पेंशन की राशि बढ़ाने की मांग की गई। वर्तमान में मिल रहे 600 रुपए पेंशन को बढ़ाकर 1200 रुपए किए जाने की मांग की गई। सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जवाब दिया कि राज्य शासन द्वारा अपने सीमित वित्तीय संसाधनों के अंतर्गत इस प्रकार की वृद्धि का निर्णय लिया जाता है। 

विपक्ष का हंगामा

विधानसभा में लाड़ली बहना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने सदन से वॉकआउट किया। कांग्रेस की मांग थी कि लाडली बहना योजना में नई पात्र बहनों का रजिस्ट्रेशन हो और पोर्टल खोला जाए। 60 साल से अधिक उम्र की बहनों को बाहर न किए जाने की भी मांग की। कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने कहा कि भाजपा ने जो 3 हजार रुपए महिलाओं को देने का वादा किया था, वह काम करें। महिलाओं के मुद्दे पर सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है। 

छात्रावास में छात्राओं के तबीयत बिगड़ने का मामला

महिदपुर के सरकारी कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में दिसंबर में छात्राओं की तबियत बिगड़ने का मामला उठा। विधायक दिनेश जैन ने सवाल किया कि हॉस्टल में धुंआ कहां से आया? इस पर अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने जवाब दिया कि प्रदेश में 1936 छात्रावास संचालित हैं। सभी जगह व्यवस्था दुरुस्त हैं। जो बात की जा रही है, उस सम्बंध में प्रश्न नहीं आया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m