राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति को लेकर कसावट देखने को मिल रही है। मुख्य सचिव कार्यालय आज उपस्थिति की जानकारी जुटाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुबह 10 से 10.30 के बीच मुख्य सचिव कार्यालय से सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों से जानकारी ली जाएगी। दूरभाष पर संपर्क कर उनके कार्यालय के अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की जाएगी।

लौट सकता है सिक्स डे वर्किंग सिस्टम

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक अधिकारियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उपस्थिति संबंधी जानकारी शाम 6 बजे तक एकत्रित की जाएगी। लंच के बाद दफ्तर से नदारद रहने वाले एसओ से लेकर एडिशनल सेक्रेटरी तक की सूची तैयार होगी। सीएम डॉ मोहन यादव ने चेतावनी दी है कि आदत नहीं सुधरी तो सप्ताह में छह दिन काम का पुराना पैटर्न फिर शुरू किया जा सकता है। साथ ही नई व्यवस्था में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश भी नहीं मिलेगा।

ये भी पढ़ें: जनता से जुड़े कामों में अब नहीं होगी देर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए सख्त निर्देश, समय पर ऑफिस न आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई

‘समय पर उपस्थिति’ के सख्त निर्देश

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल स्थित वल्लभ भवन समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में अफसरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसका पालन न करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने साफ कहा है कि सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की अनिवार्य रूप से कार्यालय में मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

इसके तहत वल्लभ भवन, विंध्याचल, सतपुड़ा भवन, अन्य सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति, आने-जाने के समय और अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी ली जाएगी। सीएम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर काम करना अब अनिवार्य है, नहीं तो संबंधित के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि जनता की सुविधा और पारदर्शी प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m