शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक बस दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक से दुर्घटना हुई है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं 40 से ज्यादा यात्री घायल है। जिन्हें आनन फानन में अस्पताल भिजवाया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है।

यह घटना उमरानाला और सिमरिया के बीच सिमरिया मंदिर के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस में 45 से ज्यादा यात्री सवार थे। जो छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रहे थे। इस दौरान दुर्घटना का शिकार हो गए। मृतकों में छह पुरुष, तीन महिला और एक बच्चा शामिल है। छह गंभीर घायलों को नागपुर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि बस में सवार ज्यादातर लोग चौरई तहसील में आयोजित हितग्राही सम्मलेन में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में भाग लेने के बाद यह सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। हालांकि अभी घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सकता है। हादसे के बाद पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

ट्रैफिक डीएसपी ने कही ये बात

ट्रैफिक डीएसपी दिनेश अवस्थी ने बताया कि करीब 7 बजे के आसपास यह हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें और एंबुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हादसे के वक्त पुलिस बल ड्यूटी से लौट रहा था, जिसने घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं मौत के आंकड़ों पर उन्होंने कहा कि यह स्पाट पर बताना संभव नहीं है। हादसे की वजह क्या है, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रारंभिक दृष्टि से कुछ बताना संभव नहीं है। जांच पड़ताल की जा रही है।

कलेक्टर बोले- 10 की मौत हुई

छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेन नारायण ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में लगभग 47 यात्री सवार थे। जो छिंदवाड़ा से जा रही है। सिमरिया के पास बस दूसरी गाड़ी को ओवरटक कर रही थी। इस दौरान सामने से लहसुन से भरा पिकअप आ रहा था, जिससे बस टकरा गई। इस घटना में 10 लोगों की मौत हुई है। पांच लोग गंभीर है, एक को नागपुर रेफर किया गया है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने जताया दुख

एमपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने घटना पर दुख जताया हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- छिंदवाड़ा के उमरानाला के पास हुए बस के भीषण सड़क हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत हृद्यविदारक है। शोकमय परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता से जुटा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति:!

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m